विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Horticultural Crop Varieties Change Icar Starts Gene Editing Cente Deal With Climate Change

बागवानी फसलों की बदलेंगी किस्में: जलवायु बदलाव से निपटने के लिए ICAR ने शुरू किया जीन एडिटिंग सेंटर

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 16 Nov 2026 11:20 AM IST
सार

ICAR ने बेंगलुरु में जीन एडिटिंग उत्कृष्टता केंद्र शुरू किया है। यहां टमाटर, मिर्च, पपीता, अंगूर और अनार की बेहतर किस्में विकसित करने के लिए आधुनिक तकनीक से शोध होगा।

जलवायु बदलाव से निपटने के लिए ICAR ने शुरू किया जीन एडिटिंग सेंटर
जलवायु बदलाव से निपटने के लिए ICAR ने शुरू किया जीन एडिटिंग सेंटर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदलते मौसम और जलवायु संकट के बीच बागवानी फसलों को बेहतर बनाने के लिए वैज्ञानिक नई तकनीकों पर काम कर रहे हैं। इसी दिशा में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने बेंगलुरु में जीन एडिटिंग तकनीक के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) शुरू किया है। यहां टमाटर, मिर्च, पपीता, अंगूर और अनार जैसी फसलों की नई किस्में और संकर किस्में विकसित करने पर काम होगा। इन किस्मों को खास गुणों के आधार पर तैयार किया जाएगा, ताकि फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में सुधार किया जा सके।

इस केंद्र का उद्घाटन रविवार को कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव और ICAR के महानिदेशक एमएल जाट ने किया। यह केंद्र बेंगलुरु के हेसरघट्टा स्थित ICAR-भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR) में स्थापित किया गया है।

जलवायु बदलाव से निपटने वाली फसलें विकसित करने पर जोर
यह केंद्र ICAR की परियोजना 'बागवानी फसलों में जीन एडिटिंग के जरिए जलवायु अनुकूलता और खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करना' के तहत स्थापित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य जीन एडिटिंग तकनीक की मदद से टमाटर, मिर्च, पपीता, अंगूर और अनार की ऐसी किस्में विकसित करना है, जिनमें जरूरत के मुताबिक खास गुण मौजूद हों।

जीन एडिटिंग एक आधुनिक जैव तकनीक है। इसकी मदद से पौधों के डीएनए में मौजूद खास जीन में बदलाव करके उनके गुणों को बेहतर बनाने की कोशिश की जाती है। इससे वैज्ञानिक फसलों में रोगों से लड़ने की क्षमता, गुणवत्ता और जलवायु के अनुकूल होने जैसे गुण विकसित करने पर काम कर सकते हैं।

एक ही केंद्र में होंगी आधुनिक शोध सुविधाएं
इस उत्कृष्टता केंद्र में कई आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें बायोसेफ्टी लेवल-2 (BSL-II) प्रयोगशाला भी शामिल है। यहां खतरनाक सूक्ष्मजीवों पर सुरक्षित तरीके से शोध किया जा सकेगा। प्रयोगशाला में हवा का दबाव आसपास के क्षेत्र की तुलना में कम रखा जाएगा, ताकि हानिकारक सूक्ष्मजीव बाहर न फैल सकें।

इसके अलावा, केंद्र में पौधों के ऊतक संवर्धन (टिश्यू कल्चर) और जेनेटिक बदलाव से जुड़ी सुविधाएं भी होंगी। आधुनिक प्लांट ग्रोथ चैंबर की मदद से पौधों को नियंत्रित वातावरण में विकसित किया जा सकेगा। केंद्र में एक आधुनिक मॉलिक्यूलर बायोलॉजी लैब और बायोइन्फॉर्मेटिक्स लैब भी बनाई गई है। इनकी मदद से जीन एडिटिंग के बाद पौधों में हुए आनुवंशिक बदलावों की जांच और पुष्टि की जाएगी।

भारतीय वैज्ञानिकों को अपने जीन संसाधन विकसित करने की सलाह
केंद्र का उद्घाटन करते हुए एमएल जाट ने वैज्ञानिकों से भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर शोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीन एडिटिंग से जुड़े शोध के लिए भारत को अपने जीन संसाधन विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है।

उन्होंने शोध के लिए सही प्राथमिकताएं तय करने, बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने और मजबूत डेटा व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया। साथ ही, ऐसे अवसरों की पहचान करने की बात कही, जहां भारतीय कृषि अनुसंधान वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सके और नए आविष्कार कर सके।

किसानों को आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती की जानकारी
एमएल जाट ने संस्थान में किसानों के लिए बनाए गए उन्नत प्रशिक्षण केंद्र का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील किसानों, कृषि उद्यमियों, स्टार्टअप से जुड़े लोगों, नर्सरी संचालकों और प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से बातचीत की।

यह कार्यक्रम 'खेत बचाओ अभियान' के तहत आयोजित किया गया। इसमें प्राकृतिक खेती, बागवानी में नए प्रयोग और अल नीनो के प्रभाव से बागवानी फसलों को बचाने के उपायों पर चर्चा हुई। किसानों ने ICAR-IIHR की विकसित किस्मों और तकनीकों को अपनाने के अपने अनुभव भी साझा किए।

2047 तक कृषि क्षेत्र से 6 ट्रिलियन डॉलर योगदान का लक्ष्य
एमएल जाट ने संस्थान के पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थियों और युवा वैज्ञानिकों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि युवा वैज्ञानिकों को नई तकनीकों और शोध के नए अवसरों को अपनाना चाहिए। कृषि क्षेत्र को 2047 तक भारत की 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देना होगा। इसमें कृषि क्षेत्र से 6 ट्रिलियन डॉलर के योगदान का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सूक्ष्मजीव आधारित तकनीकों, जैव उर्वरक से जुड़े स्टार्टअप और स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में नए प्रयोगों की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

इस मौके पर ICAR के सहायक महानिदेशक (फल एवं मसाले) वीबी पटेल, IIHR के निदेशक तुषार कांति बेहेरा, बेंगलुरु स्थित ICAR संस्थानों के निदेशक और विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, शोधार्थी, किसान और कृषि उद्यमी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन