Home›Khabar Junction›
Himachal Farmers To Get Rs 50 Per Kg For Naturally Grown Maize Flour To Be Sold Under Him Bhog Brand
हिमाचल प्रदेश : प्राकृतिक खेती का मक्का 50 रुपये किलो खरीदेगी सरकार, हिम भोग ब्रांड से बिकेगा आटा
गांव जंक्शन डेस्क, मंडी / बिलासपुर
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 17 Nov 2026 03:08 PM IST
सार
हिमाचल प्रदेश के मंडी और बिलासपुर जिलों में प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्का की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। मंडी में खरीद का दूसरा चरण 16 नवंबर से शुरू हुआ है, जबकि बिलासपुर में पहले दिन 38 किसानों से 90 क्विंटल मक्का खरीदा गया। किसानों को 50 रुपये प्रति किलोग्राम मूल्य दिया जा रहा है। बिलासपुर में खरीदे गए मक्का से तैयार आटा हिम भोग ब्रांड के नाम से बेचा जाएगा।
मंडी जिले में 16 नवंबर से खरीद का दूसरा चरण शुरू किया गया है, जबकि बिलासपुर में पहले दिन 38 किसानों से 90 क्विंटल मक्की खरीदी गई।
- फोटो : AI
हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। मंडी जिले में 16 नवंबर से खरीद का दूसरा चरण शुरू किया गया है, जबकि बिलासपुर में पहले दिन 38 किसानों से 90 क्विंटल मक्की खरीदी गई। आत्मा (ATMA) परियोजना के तहत दोनों जिलों में किसानों को मक्की का 50 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। बेहतर दाम मिलने से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है।
मंडी में 650 क्विंटल खरीद का अनुमान
मंडी जिले में इस वर्ष प्राकृतिक खेती से तैयार 515 क्विंटल मक्की खरीदने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन बंपर उत्पादन के कारण यह मात्रा करीब 650 क्विंटल तक पहुंचने की संभावना है। पहले चरण में 206 किसानों से 367 क्विंटल मक्की खरीदी जा चुकी है। यह खरीद सदर मंडी, सुंदरनगर, धर्मपुर, बल्ह, धनोटू, चौंतड़ा और सरकाघाट के संग्रह केंद्रों पर हुई है। अब जिले के ऊपरी क्षेत्रों में भी खरीद की तैयारी पूरी कर ली गई है।
प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए मक्की का खरीद मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। मंडी जिले में करीब 43,380 किसान 8,400 हेक्टेयर भूमि पर रसायन मुक्त खेती कर रहे हैं।
बिलासपुर में पहले दिन लक्ष्य का 60% खरीदा
बिलासपुर जिले में 16 से 23 नवंबर तक मक्की की खरीद की जा रही है। इसके लिए निहाल और घुमारवीं में दो केंद्र बनाए गए हैं। इस बार 135 किसानों ने प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। जिले में 150 क्विंटल खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले ही दिन 38 किसानों से 90 क्विंटल मक्की खरीद ली गई, जो कुल लक्ष्य का 60 प्रतिशत है।
गुणवत्ता जांच के बाद हिम भोग ब्रांड से बिकेगा आटा
बिलासपुर में खरीदी गई मक्की की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पहले प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। निर्धारित मानकों पर खरी उतरने वाली मक्की की पिसाई कराई जाएगी। इससे तैयार आटा हिम भोग ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं तक प्राकृतिक खेती से तैयार रसायन मुक्त आटा पहुंचाना है।
आत्मा परियोजना के निदेशक रितेश गुप्ता ने किसानों से 23 नवंबर तक निर्धारित खरीद केंद्रों पर उपज पहुंचाने की अपील की है। वहीं, मंडी में आत्मा परियोजना के निदेशक डॉ. राकेश पटियाल के अनुसार, खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा और उपज की खरीद के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस व्यवस्था से किसानों को खुले बाजार में कम कीमत मिलने की चिंता से राहत मिलेगी और प्राकृतिक खेती उनकी आमदनी का बेहतर जरिया बन सकेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।