Home›Khabar Junction›
Himachal Apna Parivar Sukhi Parivar Yojana Provides 1500 Per Month To Women And 300 Units Of Free Electricity
अपना परिवार, सुखी परिवार : महिलाओं को हर महीने ₹1500... 300 यूनिट फ्री बिजली, 11 दिसंबर से शुरू होगी योजना
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Thu, 26 Nov 2026 04:09 PM IST
सार
हिमाचल प्रदेश में 11 दिसंबर से मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू होगी। 3.50 लाख महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये और पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी।
महिलाओं के लिए सरकार की योजना
- फोटो : गांव जंक्शन
हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को आर्थिक मदद देने के लिए मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना 11 दिसंबर से शुरू होगी। ग्रामीण विकास विभाग ने बुधवार को इस योजना की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत प्रदेश की करीब 3.50 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली भी मिलेगी। हालांकि, योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा, जिनका सरकार की ओर से सर्वेक्षण, सत्यापन और अनुमोदन किया जाएगा।
1,500 रुपये पाने के लिए ये शर्तें जरूरी
योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता सीधे महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए महिला की उम्र 18 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा महिला का आधार कार्ड बैंक खाते से जुड़ा होना चाहिए। आधार प्रमाणीकरण और ई-केवाईसी भी जरूरी होगी। बैंक खाता आधार पेमेंट ब्रिज से जुड़ा और सक्रिय होना चाहिए। जो महिलाएं केंद्र या प्रदेश सरकार की किसी दूसरी योजना के तहत पहले से इसी तरह की नियमित आर्थिक सहायता ले रही हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली
योजना के तहत पात्र परिवारों को घरेलू बिजली खपत पर हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। एक परिवार के अधिकतम दो घरेलू बिजली मीटरों पर यह सुविधा लागू होगी। अगर परिवार के पास एक बिजली मीटर है तो उसी पर छूट मिलेगी। वहीं, दो मीटर होने पर दोनों की कुल खपत को मिलाकर 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त रहेगी। इस व्यवस्था को बिजली बोर्ड लागू करेगा।
परिवारों के लिए बनेगा विकास का रोडमैप
योजना के तहत हर लाभार्थी परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास की योजना तैयार की जाएगी। इसमें रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषय शामिल होंगे। परिवारों को उनकी जरूरत के अनुसार सरकार की दूसरी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। योजना में पंजीकरण, पात्रता की जांच, भुगतान और निगरानी के लिए एमएमएपी (मुख्यमंत्री अपना परिवार) पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल पर योजना से जुड़े बदलाव और भुगतान का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा।
पंचायत सचिव से उपायुक्त तक होगी जिम्मेदारी
योजना को सही तरीके से लागू करने के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। पंचायत सचिव लाभार्थी परिवारों का सत्यापन और हर साल उनकी पात्रता की जांच करेंगे। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पात्रता तय करेंगे, जबकि एसडीएम योजना के कामकाज की निगरानी करेंगे। जिला स्तर पर इसकी जिम्मेदारी उपायुक्त की होगी।
योजना से जुड़ी शिकायतें बीडीओ कार्यालय या ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकेंगी। शिकायतों का निपटारा 15 दिनों के भीतर करना होगा। बीडीओ के फैसले से असंतुष्ट लाभार्थी सात दिनों के भीतर एसडीएम के पास अपील कर सकेंगे। एसडीएम को भी 15 दिनों में फैसला लेना होगा। गलत जानकारी देकर या धोखाधड़ी से योजना का लाभ लेने वालों से सहायता राशि वापस वसूली जाएगी। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सोशल ऑडिट और तीसरे पक्ष से मूल्यांकन कराने का भी प्रावधान किया गया है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।