विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Haryana Plan To Boost Fish Production 2 Lakh Fish Seeds To Be Released Into Rivers And Water Bodies In Every

Haryana: मछली उत्पादन बढ़ाने की योजना, हर जिले के नदी-जलाशयों में डाले जाएंगे 2 लाख बीज, मछली मंडियां बनेंगी

गांव जंक्शन डेस्क, चंडीगढ़ Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 03:12 PM IST
सार

  • हरियाणा के हर जिले में डाले जाएंगे दो-दो लाख मछली बीज।
  • राज्य के 49 हजार एकड़ से अधिक जल क्षेत्र में हो रहा मत्स्य पालन।
  • अब तक 1.47 लाख मीट्रिक टन मछली का उत्पादन दर्ज।
  • करनाल-सिरसा में बनेंगी प्रोसेसिंग यूनिट, हिसार-फरीदाबाद में मछली मंडियां।
  • मत्स्य पालन विभाग का बजट बढ़कर 242.40 करोड़ रुपये हुआ।

मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार जलाशयों में मछली बीज डालेगी।
मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार जलाशयों में मछली बीज डालेगी। - फोटो : गांव जंक्शन (प्रतीकात्मक)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा सरकार ने सभी जिलों में उपलब्ध जलभराव वाले क्षेत्रों और जलाशयों का इस्तेमाल कर मत्स्य पालन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने जा रही है। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के अनुसार, हर जिले में दो-दो लाख मछली बीज  डाले जाएंगे। मंत्री ने इस विशेष अभियान की शुरुआत यमुनानगर जिले के बुध माजरा गांव स्थित जल सागर से की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य में मछली उत्पादन बढ़ाना और स्थानीय मछुआरों व उद्यमियों के लिए आजीविका के नए साधन तैयार करना है।

जलीय जैव विविधता के संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के मुताबिक, जलाशयों में मछली बीज डालने के इस फैसले से मछली उत्पादन में तेजी संग जलीय जैव विविधता के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले साल बलेवाला गांव में दो लाख मछली बीज डाले गए थे। मंत्री के अनुसार, राज्य सरकार का मुख्य मकसद उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करना, मत्स्य पालन क्षेत्र को नई मजबूती देना और मछली पालकों की आमदनी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी करना है।

राज्य में 49 हजार एकड़ से अधिक जल क्षेत्र में हो रहा है मछली पालन
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रदेश में अब तक 49,034 एकड़ जल क्षेत्र को मछली पालन के तहत लाया जा चुका है, जिससे 1.47 लाख मीट्रिक टन मछली का उत्पादन दर्ज किया गया है। इसके अलावा, मंत्री ने जानकारी दी कि 4,953 एकड़ खारे पानी से प्रभावित क्षेत्र को सफेद झींगा पालन के अंतर्गत लाया गया है। सरकार के अनुसार, खारे पानी की समस्या से ग्रस्त भूमि का इस तरह से उपयोग किसानों को वैकल्पिक और लाभदायक खेती का अवसर दे रहा है।

कोल्ड चेन, फीड मिल और मोबाइल टेस्टिंग लैब की सुविधाएं उपलब्ध
मंत्री श्याम सिंह राणा के अनुसार, राज्य में मछली पालकों की सुविधा के लिए लगभग 4,300 टन की कुल क्षमता वाली कोल्ड चेन सुविधाएं और 18 फिश फीड मिलें स्थापित की जा चुकी हैं। इसके साथ ही, मछली पालकों को उनके तालाबों पर ही मिट्टी और पानी की मौके पर जांच की सुविधा देने के लिए इस वर्ष तीन मोबाइल वॉटर-टेस्टिंग प्रयोगशाला वैन भी तैनात की गई हैं, ताकि किसान वैज्ञानिक तरीके से पानी की गुणवत्ता बनाए रख सकें।

करनाल और सिरसा में प्रोसेसिंग यूनिट, हिसार-फरीदाबाद में बनेंगी मछली मंडियां
बुनियादी ढांचे के विस्तार की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि सरकार करनाल और सिरसा में दो आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करेगी। इसके साथ ही, मछली के व्यापार को व्यवस्थित करने के लिए हिसार और फरीदाबाद में दो नई मछली मंडियों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, तकनीकी मार्गदर्शन और शोध को बढ़ावा देने के लिए भिवानी और सिरसा जिलों में 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' भी स्थापित किए जाएंगे।

मत्स्य विभाग के बजट में भारी बढ़ोतरी और जल संरक्षण की अपील
मंत्री श्याम सिंह राणा के अनुसार, राज्य में मत्स्य पालन विभाग का बजट वर्ष 2014-15 के लगभग 6.99 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2026-27 में 242.40 करोड़ रुपये हो गया है, जो किसानों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंत्री ने राज्य भर के किसानों से पानी और जलीय संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की, ताकि हरियाणा मत्स्य पालन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सके।


विज्ञापन
विज्ञापन