विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Hapus Mango Farmers In Maharashtra And Gujarat At Loggerheads Over Hapus Aam Gi Tag

Hapus Mango: हापुस आम के नाम पर महाराष्ट्र-गुजरात के किसानों में जंग, GI टैग को लेकर आमने-सामने आए उत्पादक

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 26 Nov 2026 05:08 PM IST
सार

हापुस आम के GI टैग को लेकर महाराष्ट्र के कोंकण और गुजरात के वलसाड के किसानों में विवाद बढ़ गया है। जानिए 280 करोड़ रुपये के कारोबार, GI टैग और हापुस नाम पर दोनों राज्यों के किसानों के बीच क्यों छिड़ी है लड़ाई।

हापुस आम
हापुस आम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में हापुस आम की पहचान और उसके नाम को लेकर महाराष्ट्र और गुजरात के आम उत्पादकों के बीच विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के किसान नहीं चाहते कि गुजरात के वलसाड के आम उत्पादकों को भी अपने आम के लिए 'हापुस' नाम इस्तेमाल करने की अनुमति मिले। उनका कहना है कि हापुस आम की पहचान कोंकण क्षेत्र से जुड़ी है और दूसरे राज्यों को इसी नाम की अनुमति मिलने से इसकी पहचान और बाजार में कीमत पर असर पड़ सकता है।

दरअसल, कोंकण के अल्फांसो आम को अक्टूबर 2018 में भौगोलिक संकेतक (GI) टैग मिल चुका है। अब गुजरात के वलसाड के आम उत्पादकों ने भी 'वलसाड हापुस' नाम से GI टैग हासिल करने के लिए आवेदन किया है। कोंकण के किसानों ने इस आवेदन का विरोध किया है। मामले में अंतिम सुनवाई पूरी हो चुकी है और अब फैसले का इंतजार है।

क्या है पूरा विवाद?
अल्फांसो आम को आमतौर पर हापुस के नाम से जाना जाता है। महाराष्ट्र के रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, ठाणे और पालघर जिलों में इसकी बड़े पैमाने पर खेती होती है। करीब एक दशक की कोशिशों के बाद यहां के किसानों और डॉ. बालासाहेब सावंत कोंकण कृषि विद्यापीठ के प्रयासों से अक्टूबर 2018 में इस आम को GI टैग मिला था।

GI टैग किसी खास क्षेत्र में बनने वाले उत्पाद को उसकी भौगोलिक पहचान देता है। इससे उस उत्पाद के नाम और पहचान को कानूनी सुरक्षा मिलती है। दूसरे क्षेत्रों के उत्पादक उस नाम का इस्तेमाल नहीं कर सकते, जिससे असली उत्पाद की पहचान और बाजार में उसकी साख बनी रहती है।

गुजरात के किसान क्यों मांग रहे GI टैग?
वलसाड हापुस के लिए 13 फरवरी 2023 को भारतीय किसान संघ, गांधीनगर और नवसारी कृषि विश्वविद्यालय ने आवेदन किया था। उनका कहना है कि गुजरात के वलसाड और आसपास के इलाकों में भी लंबे समय से अल्फांसो आम की खेती हो रही है। यहां के आम का स्वाद, खुशबू, आकार और रंग अलग पहचान रखते हैं। इसलिए यहां के किसानों को भी अपने आम के लिए हापुस नाम का इस्तेमाल करने का अधिकार मिलना चाहिए।

मार्च 2025 में वलसाड के भाजपा सांसद धवल पटेल ने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर इस मांग का समर्थन किया था। उन्होंने केंद्र सरकार की 'एक जिला, एक उत्पाद' योजना के तहत वलसाड हापुस को पहचान दिलाने की मांग की थी।

उनका तर्क है कि वलसाड और नवसारी के इलाके भी समुद्र तटीय सह्याद्रि क्षेत्र से जुड़े हैं। इसलिए इन्हें भी कोंकण के GI टैग वाले क्षेत्र में शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने आम की पैदावार के समय का भी हवाला दिया। रत्नागिरी में हापुस का सीजन आमतौर पर मई के तीसरे सप्ताह तक खत्म हो जाता है, जबकि वलसाड में हापुस की मुख्य पैदावार इसी समय शुरू होती है। गुजरात के किसानों का मानना है कि अलग GI टैग मिलने से उनके आम को अपनी पहचान मिलेगी और दूसरे क्षेत्रों के नाम पर उनकी उपज बेचे जाने का खतरा भी कम होगा।

कोंकण के किसान क्यों कर रहे विरोध?
महाराष्ट्र के किसानों का विरोध गुजरात के आम को GI टैग देने से ज्यादा 'हापुस' नाम के इस्तेमाल को लेकर है। उनका कहना है कि गुजरात के किसान अपने आम के लिए अलग नाम से GI टैग मांग सकते हैं, लेकिन हापुस नाम का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।

सिंधुदुर्ग फ्रूट ग्रोअर्स फार्मर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विलास सावंत ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि हापुस की पहचान सिर्फ कोंकण से है। यहां की मिट्टी, मौसम और समुद्र तटीय वातावरण आम के स्वाद, खुशबू और गुणवत्ता को खास बनाते हैं।

रत्नागिरी के राजापुर तालुका के किसान अमोल बोले और आम उत्पादक मंगेश चव्हाण ने भी गुजरात के आवेदन का विरोध किया है। उनका कहना है कि अगर वलसाड के आम का स्वाद और पहचान अलग है तो वहां के किसानों को अपने आम के लिए अलग नाम इस्तेमाल करना चाहिए।

280 करोड़ रुपये के कारोबार पर पड़ सकता है असर
कोंकण के किसानों के लिए यह विवाद सिर्फ नाम तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ सकता है। अनुमान के मुताबिक, कोंकण हापुस का घरेलू बाजार में करीब 200 करोड़ रुपये और निर्यात में करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार है।

किसानों को डर है कि अगर दो अलग-अलग क्षेत्रों के आम एक ही हापुस नाम से बिकने लगे तो खरीदारों के बीच भ्रम पैदा होगा। इससे कोंकण हापुस की बाजार में बनी खास पहचान और प्रीमियम कीमत कमजोर हो सकती है।

इस समस्या से बचने के लिए महाराष्ट्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने मंडियों को निर्देश दिया है कि आम की बिक्री उसके राज्य और किस्म की सही पहचान के साथ की जाए। इसके लिए GI लोगो, पंजीकृत किसानों की जानकारी और QR कोड इस्तेमाल करने की सिफारिश भी की गई है, ताकि खरीदार असली कोंकण हापुस की पहचान कर सकें।

महाराष्ट्र सरकार भी किसानों के समर्थन में
इस विवाद में महाराष्ट्र के राजनीतिक नेता भी कोंकण के किसानों के समर्थन में उतर आए हैं। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा है कि कोंकण हापुस की जगह कोई दूसरा आम नहीं ले सकता। वहीं, कैबिनेट मंत्री नीतेश राणे ने भी किसानों को समर्थन देने और उनकी मदद करने की बात कही है।

दूसरी ओर, कोंकण के आम उत्पादक इस मामले में आगे की रणनीति बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए 3 दिसंबर को देवगढ़ में आम उत्पादकों का सम्मेलन बुलाया गया है। इसमें किसान और किसान संगठन मिलकर आगे की कार्रवाई पर चर्चा करेंगे। कोंकण के किसानों का सुझाव है कि गुजरात के वलसाड के किसान भी गोवा के आमों की तरह अपनी अलग पहचान बनाएं। गोवा में हिलारियो और मुसराड जैसे आमों को अलग नाम से पहचान मिली है।अब इस पूरे मामले में GI रजिस्ट्री के फैसले पर सबकी नजर है। फैसला तय करेगा कि हापुस नाम पर किस क्षेत्र के किसानों का अधिकार होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन