विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Hapur Farmers Erupt In Anger Over Non Payment Sugarcane Dues Hold Simbhaoli Sugar Mill Officials Hostage

हापुड़ : गन्ने का बकाया नहीं मिलने पर किसानों का फूटा गुस्सा, सिंभावली शुगर मिल के अधिकारियों को बनाया बंधक

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 04:11 PM IST
सार

सिंभावली शुगर मिल से गन्ने का बकाया भुगतान नहीं मिलने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसान समाधान दिवस में हंगामा हुआ और अधिकारियों को बंधक बनाकर 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया।

गन्ने की खेती
गन्ने की खेती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गन्ने का बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज किसानों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की सिंभावली शुगर मिल से जुड़े भुगतान के मुद्दे पर आयोजित किसान समाधान दिवस में जमकर हंगामा हुआ। बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को घेरा और जमकर नाराजगी जताई। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी (DSO), मिल के सीजीएम और अपर जिलाधिकारी (ADM) के साथ किसानों की तीखी नोकझोंक भी हुई।

अधिकारियों को बनाया बंधक, सभागार में दिया धरना
बकाया भुगतान को लेकर नाराज किसानों ने कलक्ट्रेट सभागार के गेट बंद कर दिए और मिल के सीजीएम व जिला गन्ना अधिकारी को अंदर ही रोक लिया। इसके बाद किसान सभागार में धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की और जल्द भुगतान कराने की मांग उठाई।

किसानों का कहना था कि लंबे समय से गन्ने का भुगतान अटका हुआ है, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

24 घंटे का अल्टीमेटम, क्रय केंद्रों पर नहीं लिया जाएगा गन्ना
किसानों ने साफ कर दिया कि जब तक बकाया भुगतान को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं होता, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। किसान संगठनों ने सिंभावली शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्रों पर ताला लगाने और वहां गन्ने की खरीद बंद कराने का ऐलान किया।

मामले को बढ़ता देख एडीएम ने किसानों को समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान संगठनों ने प्रशासन को 24 घंटे का समय दिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि इस अवधि में क्रय केंद्रों पर गन्ने की खरीद नहीं होने दी जाएगी। अब प्रशासन के सामने किसानों की नाराजगी दूर करने और बकाया भुगतान का रास्ता निकालने की चुनौती है।
विज्ञापन
विज्ञापन