Home›Khabar Junction›
Cotton Procurement Begins At Msp Cci Purchases 7500 Quintals In Telangana Farmers Expect Prices To Rise
कपास की MSP पर खरीद शुरू: CCI ने तेलंगाना में खरीदी 7500 क्विंटल उपज, किसानों को भाव बढ़ने की उम्मीद
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 18 Nov 2026 02:45 PM IST
सार
कपास की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। CCI ने तेलंगाना में 7,500 क्विंटल कपास खरीदी। जानें 2026-27 का MSP, उत्पादन का अनुमान और मंडियों में कपास के ताजा भाव।
कपास की कीमतों में गिरावट आने पर किसानों को राहत देने के लिए भारतीय कपास निगम (CCI) ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद शुरू कर दी है। 2026-27 के विपणन सीजन के लिए तेलंगाना से खरीद की शुरुआत हुई है। CCI के मुताबिक, राज्य के करीब 18 केंद्रों से अब तक 7,500 क्विंटल कपास खरीदी जा चुकी है। निगम ने इस साल देशभर में खरीद केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसानों से समर्थन मूल्य पर कपास खरीदी जा सके।
CCI के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ललित कुमार गुप्ता ने बिजनेस लाइन को बताया कि निगम बाजार की कीमतों पर लगातार नजर रख रहा है। यदि बाजार में कपास का भाव MSP से नीचे जाता है तो CCI खरीद के लिए तैयार है। इस साल देशभर में करीब 600 खरीद केंद्र बनाए गए हैं, जबकि पिछले सीजन में इनकी संख्या 572 थी।
कपास का MSP कितना तय हुआ?
केंद्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए मध्यम रेशे वाली कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 8,267 रुपये प्रति क्विंटल और लंबे रेशे वाली कपास का MSP 8,667 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। बाजार में भाव इससे नीचे जाने पर CCI किसानों से MSP पर कपास खरीद सकता है।
इस साल कपास का उत्पादन घटने का अनुमान
कपास बाजार में फिलहाल कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। इसकी वजह घरेलू उत्पादन में कमी की आशंका, शुल्क-मुक्त आयात की सुविधा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव है। कपास की नई फसल की आवक भी अभी तेज नहीं हुई है। दिवाली के बाद भी किसान बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में अपनी उपज रोककर रख रहे हैं। इसके अलावा, कम रकबे और अल नीनो के कारण सूखे जैसी परिस्थितियों से इस साल कपास की पैदावार और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CAI) ने 2026-27 सीजन में देश में कपास उत्पादन 280 लाख गांठ रहने का अनुमान लगाया है। एक गांठ का वजन 170 किलोग्राम होता है। पिछले सीजन में उत्पादन 325.69 लाख गांठ था। इस तरह इस साल उत्पादन में करीब 14 प्रतिशत गिरावट का अनुमान है। वहीं, कपास की कुल खपत पिछले साल की तरह 365 लाख गांठ रहने की संभावना है।
किसानों को 10 हजार रुपये क्विंटल भाव मिलने की उम्मीद
कपास का उत्पादन घटने की आशंका से कीमतों को सहारा मिल रहा है। हालांकि, मांग अभी कमजोर है, क्योंकि कपड़ा उद्योग को साल के अंत तक बिना आयात शुल्क के विदेश से कपास मंगाने की सुविधा मिली हुई है। ऐसे में इस साल CCI को MSP पर खरीद के लिए बहुत ज्यादा हस्तक्षेप नहीं करना पड़ सकता है।
व्यापारियों के मुताबिक, किसान कपास का भाव 10,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने की उम्मीद में अपनी उपज बेचने से बच रहे हैं। कॉटन यार्न ट्रेडलिंक के आनंद पोपट के अनुसार, फिलहाल भारतीय कपास की कीमतों में बड़ी गिरावट की आशंका कम है। मिलों की मांग, किसानों की बिक्री और मंडियों में आवक के आधार पर कीमतों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
रायचूर के खरीद एजेंट रामानुज दास बूड़ के मुताबिक, 15 नवंबर तक देशभर में कपास की आवक करीब 30 लाख गांठ रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 55 लाख गांठ थी। फिलहाल मंडियों में कपास (कपासिया) का भाव 9,100 से 9,500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है। कपास के बीज की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से भी कपास के भाव को सहारा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि किसान बेहतर कीमत की उम्मीद में कपास रोक रहे हैं। वहीं, जिनिंग मिलें भी मौजूदा भाव पर खरीद-बिक्री को लेकर सतर्क हैं, क्योंकि उनकी लागत अधिक है।
पिछले सीजन में CCI ने खरीदी थी 1.04 करोड़ गांठ कपास
CCI ने 2025-26 सीजन में 1.04 करोड़ से अधिक गांठ कपास की खरीद की थी। इसमें से करीब 4 लाख गांठ का स्टॉक अब भी बिना बिके रहने का अनुमान है। इस साल कम उत्पादन के अनुमान और बाजार में कीमतों की स्थिति को देखते हुए CCI की खरीद कितनी होती है, यह किसानों की बिक्री और बाजार भाव पर निर्भर करेगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।