विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Cyclone Akvan Has Weakened But Winds Will Still Blow At A Speed Of 120 Kmph In Andhra Pradesh

Cyclone Akvan: कमजोर पड़ा चक्रवात अकवान, फिर भी आंध्र प्रदेश में 120 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 02:52 PM IST
सार

चक्रवात अकवान की ताकत घटने का IMD ने अनुमान जताया है। शुक्रवार को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना है। 120 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी।

चक्रवात
चक्रवात - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चक्रवात अकवान (Cyclone Akvan) की रफ्तार फिलहाल काफी धीमी है। यह बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर महज 3 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। हालांकि, धीमी गति के बावजूद इसने बुधवार सुबह तक गंभीर चक्रवात (Severe Cyclone) का रूप ले लिया है। रात के दौरान इसकी ताकत में बढ़ोतरी हुई।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चक्रवात के तट से टकराने के समय इसकी तीव्रता को लेकर अपने अनुमान में बदलाव किया है। पहले इसके बहुत गंभीर चक्रवात (Very Severe Cyclone) बनने की आशंका जताई गई थी, लेकिन अब मौसम विभाग का अनुमान है कि यह गंभीर चक्रवात के रूप में ही तट से टकराएगा। इसके शुक्रवार दोपहर आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
चक्रवात की संभावित तीव्रता में कमी के बावजूद आंध्र प्रदेश के लिए बारिश और तेज हवाओं का खतरा कम नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश भी हो सकती है।

हवाओं की रफ्तार भी बढ़ने की आशंका है। बुधवार को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं, गुरुवार और शुक्रवार को हवा की रफ्तार बढ़कर 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान हवा के झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं।

तमिलनाडु को चक्रवात से कम बारिश मिलने की संभावना
चक्रवात अकवान का असर तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने गुरुवार को इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा बुधवार और शनिवार को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में तथा गुरुवार और शुक्रवार को रायलसीमा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में शुक्रवार और शनिवार को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

चक्रवात के जमीन पर पहुंचने के बाद आगे बढ़ने से पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, तमिलनाडु को इस चक्रवात से उतनी बारिश मिलने की उम्मीद नहीं है। बुधवार सुबह चक्रवात चेन्नई से करीब 600 किलोमीटर दूर था। इसके रास्ते को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा के आसपास के इलाकों में ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

लेकिन तमिलनाडु में बारिश का दौर यहीं खत्म नहीं होगा। मौसम मॉडल के अनुसार, चक्रवात के गुजरने के बाद बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं और एक नए ईस्टरली वेव (पूर्वी हवा प्रणाली) के कारण तमिलनाडु के तटीय इलाकों में फिर बारिश हो सकती है।

चेन्नई से करीब 580 किलोमीटर दूर है चक्रवात
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार सुबह 5:30 बजे चक्रवात अकवान चेन्नई से करीब 580 किलोमीटर पूर्व में था। वहीं, यह श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 650 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और गोपालपुर से करीब 730 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।

अनुमान है कि शुक्रवार दोपहर यह नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

समुद्र और हवाओं की स्थिति से कमजोर पड़ रहा तूफान
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, चक्रवात की धीमी रफ्तार का उसकी ताकत पर अलग-अलग तरह से असर पड़ सकता है। शुरुआत में लंबे समय तक गर्म समुद्री पानी के ऊपर रहने से इसे ताकत मिली। लेकिन अब इसके रास्ते में कुछ ऐसी परिस्थितियां आ रही हैं, जो इसकी ताकत को और बढ़ने से रोक सकती हैं।

इनमें सबसे अहम है वर्टिकल विंड शीयर (ऊंचाई के साथ हवा की गति और दिशा में बदलाव)। तेज विंड शीयर के कारण चक्रवात के बादलों का ढांचा बिगड़ सकता है। इससे तूफान के ऊपरी और निचले हिस्सों का तालमेल प्रभावित होता है और उसकी ताकत बढ़ने की प्रक्रिया कमजोर पड़ जाती है।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट के पास समुद्र का पानी भी अपेक्षाकृत ठंडा है। यहां समुद्र की सतह का तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस है, जबकि बंगाल की खाड़ी के उस हिस्से में तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस था, जहां से चक्रवात ने ताकत हासिल की थी। इन परिस्थितियों के कारण अकवान के तट से टकराने से पहले और ज्यादा शक्तिशाली होने की संभावना कम हो गई है।

दिसंबर में बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवात बनने की संभावना?
चक्रवात अकवान के बाद बंगाल की खाड़ी में इस मौसम में एक और तूफान बनने की संभावना को लेकर मौसम एजेंसियों के अनुमान अलग-अलग हैं। अमेरिका के क्लाइमेट प्रेडिक्शन सेंटर के मॉडल के अनुसार, 8 दिसंबर तक बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवात बनने की संभावना वाला कोई क्षेत्र नजर नहीं आ रहा है। इसके पीछे मैडेन-जूलियन ऑसिलेशन (MJO) नाम की मौसमी गतिविधि की स्थिति और उसके प्रभाव को लेकर अनिश्चितता बताई जा रही है।

हालांकि, यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) का अनुमान इससे कुछ अलग है। इसके मॉडल में 7 दिसंबर तक दक्षिणी अंडमान सागर के आसपास मौसम संबंधी हलचल बनने के संकेत हैं। यह गतिविधि 14 दिसंबर तक बनी रह सकती है और इसके बाद श्रीलंका के पूर्वी हिस्से की ओर बढ़ सकती है। अगर यहां कोई नया मौसमी सिस्टम बनता है, तो इसका असर तमिलनाडु और दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों पर पड़ सकता है। खासकर उत्तर-पूर्वी मानसून के आखिरी चरण में यह गतिविधि महत्वपूर्ण हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन