उत्तर प्रदेश में अगले पेराई सत्र से गन्ना ढोने वाले वाहनों की लाइव GPS ट्रैकिंग की जाएगी। इसके लिए प्रदेश में पहली बार Vehicle Tracking System (VTS) लागू किया जा रहा है। इस व्यवस्था से गन्ना खरीद केंद्र से चीनी मिल तक ले जाने वाले वाहनों की हर समय निगरानी की जा सकेगी।
गन्ना विकास विभाग का लक्ष्य है कि कटाई के 24 घंटे के भीतर गन्ना संबंधित चीनी मिल तक पहुंच जाए। समय पर गन्ना मिल पहुंचने से खेत से कटाई के बाद गन्ने के सूखने और वजन कम होने से होने वाले नुकसान को घटाने में मदद मिलेगी। इससे किसानों के हितों की भी बेहतर सुरक्षा हो सकेगी।
GPS से होगी गन्ना वाहनों की निगरानी
नई व्यवस्था के तहत गन्ना खरीद केंद्र से मिल तक जाने वाले वाहनों को GPS से जोड़ा जाएगा। अधिकारी वाहन की लाइव लोकेशन देख सकेंगे और यह पता लगा सकेंगे कि गन्ना लेकर वाहन समय पर मिल पहुंच रहा है या नहीं। अगर किसी वाहन की आवाजाही में देरी होती है तो विभाग इसकी जानकारी लेकर कार्रवाई कर सकेगा। इससे गन्ना ढुलाई में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गन्ना सूखने से होता है वजन में नुकसान
गन्ने की कटाई के बाद उसे जल्द मिल तक पहुंचाना जरूरी होता है। खेत से कटने के बाद ज्यादा समय तक गन्ना पड़ा रहने पर उसमें नमी कम होती है और उसका वजन घट सकता है। VTS के जरिए समय पर ढुलाई सुनिश्चित होने से गन्ने के सूखने के कारण होने वाले वजन नुकसान को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
खरीद केंद्र और मिल के बीच बेहतर तालमेल
गन्ना विकास विभाग के मुताबिक, VTS से खरीद केंद्र और चीनी मिल के बीच तालमेल बेहतर होगा। अधिकारियों को वाहनों की स्थिति और आवाजाही की जानकारी एक ही डिजिटल सिस्टम से मिल सकेगी। उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने बताया कि यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गन्ना एवं चीनी आयुक्त के गन्ना उद्योग को आधुनिक बनाने और किसानों के हितों को मजबूत करने के विजन के तहत की जा रही है।
पहली बार पूरे प्रदेश में लागू होगी व्यवस्था
विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में पहली बार गन्ना ढुलाई के लिए इस तरह की प्रदेशव्यापी वाहन ट्रैकिंग व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य गन्ना परिवहन को पारदर्शी बनाना और कटाई के बाद फसल को तय समय में मिल तक पहुंचाना है। नई व्यवस्था से गन्ना ढुलाई की निगरानी मजबूत होने के साथ किसानों को समय पर गन्ना मिल पहुंचने का लाभ मिलने की उम्मीद है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।