Home›Khabar Junction›
Fssai New Rules Milk And Dairy Products Special Logo On Packets Making Identification Easier
FSSAI के नए नियम: दूध और डेयरी उत्पादों के पैकेट पर लगाना होगा खास लोगो, पहचान होगी आसान
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 16 Nov 2026 11:27 AM IST
सार
FSSAI ने दूध और डेयरी उत्पादों के लिए खास लोगो अनिवार्य करने के नए नियम जारी किए हैं। जानिए 1 जुलाई 2028 से दूध, पनीर और अन्य उत्पादों की पैकेजिंग में क्या बदलाव होगा।
दूध और उससे बने उत्पादों की पहचान अब पहले से आसान होने वाली है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) दूध और डेयरी उत्पादों के लिए एक खास और समान लोगो लागू करने जा रहा है। इसके तहत दूध, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों के पैकेट पर नीले रंग की पृष्ठभूमि में सफेद दूध की बूंद वाला लोगो लगाना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य ग्राहकों को खरीदारी के समय डेयरी उत्पादों की आसानी से पहचान करने में मदद करना है।
FSSAI ने इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लेबलिंग और डिस्प्ले) द्वितीय संशोधन नियम, 2026 को अधिसूचित किया है। ये नए नियम 1 जुलाई 2028 से लागू होंगे। इसके बाद सभी दूध और दूध से बने उत्पादों के पैकेट पर निर्धारित लोगो लगाना जरूरी होगा।
दूध और डेयरी उत्पादों की पहचान होगी आसान
FSSAI के मुताबिक, दूध और दूध से बने सभी उत्पादों के लेबल पर यह लोगो लगाना अनिवार्य होगा। इसमें मिश्रित दूध उत्पाद (कंपोजिट मिल्क प्रोडक्ट्स) भी शामिल हैं। नए नियमों में लोगो का आकार और डिजाइन भी तय किया गया है। इसमें नीले रंग के चौकोर बैकग्राउंड पर सफेद रंग की दूध की बूंद दिखाई देगी। यह लोगो डेयरी उत्पादों की एक समान पहचान के रूप में काम करेगा। इससे ग्राहकों को दुकान या बाजार में दूध और दूध से बने उत्पाद पहचानने में आसानी होगी।
FSSAI ने डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर निगरानी भी बढ़ाई है। इसी कड़ी में सितंबर में पनीर के नाम पर बेचे जा रहे मिलते-जुलते उत्पादों (एनालॉग उत्पादों) की बिक्री पर रोक लगाने के लिए मसौदा नियम भी जारी किया गया था।
त्योहारों में खाद्य पदार्थों की जांच तेज, 81.80 करोड़ का सामान जब्त
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता की शिकायतों को देखते हुए FSSAI ने देशभर में जांच अभियान भी चलाया। प्राधिकरण के मुताबिक, 1 सितंबर से 5 नवंबर के बीच विभिन्न राज्यों में खाद्य सुरक्षा विभागों ने करीब 56,431 खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले कारोबारियों को करीब 10 हजार सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 1,133 लाइसेंस निलंबित किए गए।
जांच के दौरान खाद्य तेल, दूध, पनीर, मिठाई, खोया, घी, आइसक्रीम और नमकीन समेत कई उत्पादों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। इस अभियान में कुल 3,279.57 मीट्रिक टन खाद्य उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 81.80 करोड़ रुपये बताई गई है। FSSAI का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य बाजार में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और ग्राहकों के हितों की रक्षा करना है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।