विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Fda Raids Patanjali Ghee Warehouse Ghee Worth Over Rs 20 Lakh Seized Adulteration Probe Pending

पतंजलि घी के गोदाम पर FDA का छापा : 20 लाख रुपये से ज्यादा का Ghee जब्त, मिलावट की जांच बाकी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 02 Nov 2026 01:27 PM IST
सार

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में FDA ने पतंजलि घी के गोदाम पर छापा मारकर 20.20 लाख रुपये का घी जब्त किया। जानें क्या है पूरा मामला और क्या घी में मिलावट की पुष्टि हुई है।

पतंजलि घी के गोदाम पर FDA का छापा
पतंजलि घी के गोदाम पर FDA का छापा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने पतंजलि घी के एक गोदाम पर छापा मारकर 20 लाख रुपये से अधिक का घी जब्त किया है। यह गोदाम सुंदरवाड़ी इलाके में कैम्ब्रिज स्कूल के पास स्थित है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से कुल 20 लाख 20 हजार 190 रुपये का घी जब्त किया। इसमें एक लीटर और आधा लीटर के हजारों पैकेट शामिल हैं।

हालांकि, जब्त किए गए घी में मिलावट है या नहीं, इस बारे में FDA ने अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। वहीं, पतंजलि की ओर से भी इस कार्रवाई पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में फिलहाल घी को मिलावटी बताना सही नहीं होगा।

त्योहारों से पहले नकली खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई
FDA दिवाली और अन्य त्योहारों को देखते हुए नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रहा है। त्योहारों के दौरान मिठाई, नमकीन, खाद्य तेल, दूध, घी और दूसरे खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग बाजार में मिलावटी और नकली सामान बेचने की कोशिश करते हैं।

इसे रोकने के लिए FDA ने खाद्य पदार्थों की जांच और निगरानी बढ़ा दी है। विभाग का जोर दूध और उससे बने उत्पादों, मिठाइयों, स्नैक्स, नमकीन, पापड़, फ्रायम्स, खाद्य तेल, पेय पदार्थ और घी की गुणवत्ता जांचने पर है।

सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना मकसद
FDA के अनुसार, त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए बाजारों और गोदामों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य नकली, मिलावटी और असुरक्षित खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाना है।

छत्रपति संभाजीनगर में पतंजलि घी के गोदाम पर हुई कार्रवाई भी इसी निगरानी अभियान का हिस्सा है। हालांकि, जब्त घी की गुणवत्ता और उसमें मिलावट को लेकर आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन