महाराष्ट्र सरकार केंद्र को सूखा राहत पैकेज के लिए एक नया प्रस्ताव भेजेगी। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रस्ताव अगले हफ्ते तक केंद्र को भेजा जा सकता है। हाल ही में केंद्र सरकार ने फसल नुकसान और दूसरों मदों के तहत मिलने वाले मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार का पहला प्रस्ताव पुराने नियमों के तहत था। हालांकि अब नई दरों के तहत ज्यादा सहायता राशि मांगी जाएगी।
फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगा करीब 30% ज्यादा मुआवजा
अधिकारी के अनुसार, एनडीआरएफ की नई दरों के तहत किसानों को पहले के मुकाबले 30 प्रतिशत ज्यादा मुआवजा मिलेगा। अक्तूबर के आखिरी हफ्ते में मुआवजा दरों में बदलाव किया गया था, लेकिन राज्य सरकार को अपना पहला प्रस्ताव 31 अक्तूबर को भेजना था, जिसके चलते उसकी गणना पुरानी दरों पर की गई थीं।
नई दरों के तहत गैर-सिंचित क्षेत्र में फसल नुकसान का मुआवजा 8,500 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है। वहीं, सिंचित क्षेत्र में यह राशि 17,000 रुपये से बढ़ाकर 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है। बारहमासी फसलों को हुए नुकसान पर मुआवजा 22,500 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है।
फसल नुकसान के लिए, 20 हजार करोड़ पैकेज की मांग के आसार
अधिकारियों का कहना है कि पुराने प्रस्ताव में राज्य ने फसल नुकसान के मुआवजे के लिए करीब 15,000 करोड़ रुपये की सहायता मांगी थी। नई दरों के आधार पर तैयार होने वाले प्रस्ताव में यह राशि बढ़कर करीब 20,000 करोड़ रुपये हो सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, फसल नुकसान की हर श्रेणी में मुआवजे की दर करीब 30 प्रतिशत बढ़ी है। ऐसे में संशोधित दरों के आधार पर पूरी गणना दोबारा करनी होगी। इससे किसानों को मिलने वाली औसत सहायता राशि भी बढ़ेगी।
महाराष्ट्र के 310 तालुकों में घोषित किया गया है सूखा
महाराष्ट्र सरकार राज्य के 358 तालुकों में से 310 में सूखा घोषित कर चुकी है। संशोधित राहत प्रस्ताव तैयार करने में जलापूर्ति, पशुपालन और डेयरी विकास समेत कई विभाग शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सभी विभागों से जरूरी जानकारी और आंकड़े जुटाने के बाद ही नया प्रस्ताव तैयार हो सकेगा। इसी वजह से इसे अगले सप्ताह तक केंद्र को भेजने की तैयारी है।