राजस्थान में एक साल में मेथी का रकबा 20% बढ़कर 92,961 हेक्टेयर पहुंचा।
मेथी उत्पादन में 27% की बढ़ोतरी, कुल उत्पादन 1,29,809 मीट्रिक टन हुआ।
नागौर, बीकानेर, चूरू और जोधपुर मेथी उत्पादन के हब।
नागौरी पान मेथी को GI टैग दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया के चरण में है।
राजस्थान में मेथी की खेती किसानों को रास आ रही है। बीते एक साल में प्रदेश में मेथी के रकबे और उत्पादन में अच्छी-खासी बढ़त दर्ज की गई है। सामने आए आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में एक साल के अंदर मेथी का रकबा 20 प्रतिशत और कुल उत्पादन 27 प्रतिशत बढ़ा है। आंकड़ों के अनुसार, उत्पादन की वृद्धि दर बुवाई के क्षेत्र से अधिक रहने के कारण प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में भी सुधार देखने को मिला है।
एक साल में रकबे और उत्पादन में हुआ भारी इजाफा
साल 2023-24 में राजस्थान में 77,771 हेक्टेयर क्षेत्र में मेथी की खेती की गई थी और कुल उत्पादन 1,02,107 मीट्रिक टन रहा था। इसके मुकाबले वर्ष 2024-25 में मेथी का रकबा बढ़कर 92,961 हेक्टेयर तक पहुंच गया और कुल उत्पादन 1,29,809 मीट्रिक टन दर्ज किया गया। इन आंकड़ों के मुताबिक, एक वर्ष में 15,190 हेक्टेयर अतिरिक्त कृषि भूमि पर मेथी की खेती हुई और उत्पादन में 27,702 मीट्रिक टन की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में नागौर, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, प्रतापगढ़ और सीकर मेथी उत्पादन के प्रमुख केंद्र हैं।
नागौरी पान मेथी की ब्रांडिंग के लिए जीआई टैग का प्रयास
दूसरी तरफ राजस्थान का नागौर जिला खाद्य बाजार में अपनी नागौरी पानी मेथी यानी कसूरी मेथी के लिए जाना जाता है। यहां लगभग 59 व्यापारी इसकी खरीद और भंडारण के कार्य से जुड़े हुए हैं, जबकि यहां कुल 40 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले आठ कोल्ड स्टोरेज संचालित हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, नागौरी पान मेथी को खास पहचान दिलाने के मकसद से चेन्नई स्थित जीआई रजिस्ट्री कार्यालय में भौगोलिक पहचान टैग के लिए आवेदन की प्रक्रिया जारी है। जीआई टैग मिलने से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाजारों में नागौरी पान मेथी की विशेष ब्रांडिंग हो सकेगी।
दवाओं, मसालों और पारंपरिक व्यंजनों में बढ़ी मांग
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के भेषज गुण विभाग के डॉ. सुदीप्त कुमार रथ के अनुसार, मेथी का वानस्पतिक नाम ट्राइगोनेला फीनम ग्रीकम है, जो फेबेसी कुल एवं ट्राइगोनेला वंश से संबंधित है। उन्होंने बताया कि इसकी हरी पत्तियों का उपयोग सब्जी बनाने में और सूखे बीजों का प्रयोग मसालों एवं औषधियों के रूप में किया जाता है। डॉ. रथ के अनुसार, वर्तमान समय में कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज नियंत्रण के उत्पादों, पाचन संबंधी आयुर्वेदिक दवाओं, हर्बल फॉर्मुलेशन, बालों के पोषण और सर्दियों में बनने वाले पारंपरिक व्यंजनों में मेथी की मांग काफी तेजी से बढ़ी है।