इस रबी सीजन टमाटर-मिर्च की खेती करने वाले किसानों को पत्ती मरोड़ रोग से सतर्क रहना चाहिए। हर साल यह रोग बागवानों को नुकसान पहुंचाता है। जानकारी के अनुसार, इस रोग के प्रकोप का अधिक खतरा मानसूनी सीजन में रहता है, लेकिन रबी सीजन में यह मिर्च-टमाटर को अपना निशाना बना सकता है। जानकारों ने किसानों को समय-समय पर फसल की निगरानी करने की सलाह दी है।
सफेद मक्खी से फैलता है यह रोग
कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक, पत्ती मरोड़ एक खतरनाक वायरल बीमारी है, जो अधिकतर सफेद मक्खी के माध्यम से एक पौधे से दूसरे पौधे में फैलती है। रोग के असर से पौधों की पत्तियां मुड़कर सिकुड़ जाती हैं और उनका विकास रुक जाता है। इस तरह फूलों और फलों के उत्पादन पर खराब असर पड़ता है और समय पर रोकथाम न करने पर पूरी फसल खराब हो सकती है।
टमाटर, मिर्च के लिए रोकथाम के उपाय
इस रोग की रोकथाम के लिए टमाटर और मिर्च किसान 100 ग्राम थायमेथोक्साम 25 डब्ल्यूजी का इस्तेमाल कर सकते हैं। जानकारों ने इसे प्रति हेक्टेयर 500 से 600 लीटर पानी में घोलकर छिड़कने की सलाह दी है। इसके अलावा टमार और बैंगने में फल और तना छेदक कीट को काबू में करने के लिए एक लीटर नुवाक्रॉन को 500 से 600 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करने का सुझाव दिया गया है।
अरहर और सरसों की फसलों के लिए दिशा-निर्देश
इस रबी सीजन सरसों की खेती करने वाले किसान चित्तीदार कीट पर नजर रखें। जानकारों ने जरूरत पड़ने पर 800 मिलीलीटर क्लोरपायरीफॉस या डाइमेथोएट का उपयोग करने को कहा है। विशेषज्ञों ने जोर दिया है कि दवाओं का छिड़काव केवल सुझाई गई मात्रा में ही करें और प्रभावित पौधों को तुरंत उखाड़कर नष्ट कर दें।