भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक एम. एल. जाट के अनुसार, शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कश्मीर देश के कृषि विश्वविद्यालयों में टॉप स्थान हासिल करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। वह विश्वविद्यालय के शालीमार परिसर में आयोजित प्राकृतिक खेती पर तीन दिनों तक चलने वाले राष्ट्रीय कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर संबोधन दे रहे थे।
वैज्ञानिक चर्चाओं को ठोस नीतिगत समाधान में बदलने पर जोर
महानिदेशक ने वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं और किसानों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के शोध व नवाचारों की सराहना की। उन्होंने 'एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम' के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि विचार-विमर्श केवल चर्चा तक सीमित न रहे, बल्कि वैज्ञानिक बातचीत को ऐसी नीतिगत सिफारिशों और व्यावहारिक समाधानों में बदला जाए जिससे टिकाऊ खेती को धरातल पर बढ़ावा मिल सके।
प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन
तीन दिनों तक चलने वाली यह कार्यशाला विज्ञान और नवाचार के माध्यम से प्राकृतिक खेती उत्पादन प्रणाली के लिए पारिस्थितिक संसाधनों और प्रक्रियाओं को बढ़ावा देना विषय पर आयोजित की जा रही है। इसका संयुक्त आयोजन आईसीएआर-भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान (मोदीपुरम) और SKUAST-K द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान प्राकृतिक खेती पर अखिल भारतीय नेटवर्क कार्यक्रम की वार्षिक समूह बैठक और एनएमएनएफ-सीआरजी की समीक्षा बैठक भी शुरू हुई।
चिनार हॉस्टल का लोकार्पण और आधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण
अपने पहले दौरे पर पहुंचे महानिदेशक ने नवनिर्मित चिनार हॉस्टल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने फर्टीगेशन सिस्टम, प्रोटोटाइप उत्पादन इकाई, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब, फैब्रिकेशन लैब और स्वास्थ्य केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया तथा विश्वविद्यालय द्वारा प्रदर्शित पेटेंट प्रौद्योगिकियों और कृषि स्टार्टअप नवाचारों का निरीक्षण किया।
फसल गुणवत्ता निगरानी और वैज्ञानिक प्रमाणीकरण जरूरी
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नजीर अहमद गनाई के अनुसार, जम्मू-कश्मीर की विशिष्ट फसलों में असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने खेत स्तर पर कीटनाशक अवशेषों की नियमित जांच और बेहतर कृषि पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया। कुलपति ने कहा कि प्राकृतिक और पुनर्योजी खेती को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए वैज्ञानिक प्रमाणीकरण और प्रभावी प्रसार तंत्र बेहद जरूरी हैं।