विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Dairy Tips With The Onset Of Winter Milk Production May Decline Livestock Farmers Should Promptly Ready The

Dairy Tips: सर्दी की दस्तक, घट सकता है दूध उत्पादन; पशुपालक तुरंत दुरुस्त करें पशुशाला, इन बातों का रखें ध्यान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 29 Nov 2026 03:17 PM IST
सार

  • उत्तर भारत में ठंड की दस्तक, किसानों को पशुओं के रखरखाव की तैयारी करने की सलाह 
  • जानकारों के अनुसार, ठंड और नमी के चलते पशुओं की सेहत और दूध उत्पदान पर असर पड़ सकता है
  • पशुओं के बैठने के लिए फर्श पर सूखा भूसा या पुआल बिछाने को कहा गया।
  • सर्दियों में हरा चारा, सूखा चारा और पौष्टिक दाना संतुलित मात्रा में दें।

ठंड की दस्तक, किसानों को पशुओं के रखरखाव की तैयारी शुरू करने की सलाह।
ठंड की दस्तक, किसानों को पशुओं के रखरखाव की तैयारी शुरू करने की सलाह। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर भारत में सुबह और रात के समय सर्दी की दस्तक का एहसास होने लगा है। ऐसे में किसानों को सर्दी के नजरिए से पशुओं के रखरखाव की तैयारी करने की सलाह दी जा रही है। जानकार बताते हैं कि रात के तापमान में भारी गिरावट, ठंडी हवाएं, गीला फर्श आदि पशुओं की सेहत पर बुरा असर डाल सकते हैं। इससे दूध उत्पादन भी कम हो सकता है।

पशुशाला में ठंडी हवा आने से रोकें
जानकारों के अनुसार, किसानों को पशुओं को रात के समय खुले आसमान के नीचे नहीं बांधना चाहिए। इसके अलावा पशुशाला की टूटी दीवारों, छत और दरवाजों की समय रहते मरम्मत करा लेनी चाहिए, ताकि ठंडी हवा सीधे पशुओं तक न पहुंचे। इसी तरह पशुशाला के खुले हिस्सों पर बोरी या टाट के पर्दे लगाने की सलाह दी है। हालांकि, पशुशाला को पूरी तरह बंद नहीं करना चाहिए। इसमें ताजी हवा आने और नमी बाहर निकलने के लिए पर्याप्त रास्ता बना रहना जरूरी है।

ठंडे और गीले फर्श से पशुओं का बचाव जरूरी
जानकारों के अनुसार, सर्दियों में ठंडे और गीले फर्श पर बैठने से पशुओं के बीमार पड़ने का खतरा रहता है। इससे बचाव के लिए पशुशाला के फर्श पर सूखा भूसा या पुआल बिछाना चाहिए। बिछावन इतना मोटा होना चाहिए कि पशुओं को बैठने और आराम करने में परेशानी न हो। उन्होंने सलाह दी कि अगर भूसा या पुआल गीला और गंदा हो जाए तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए। इसके साथ ही पशुशाला में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था रखनी चाहिए, ताकि फर्श पर पानी और गंदगी जमा न हो।

संतुलित आहार और साफ पानी का रखें ध्यान
सर्दियों में पशुओं के खानपान पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। डॉ. घनश्याम ने पशुपालकों को मवेशियों के आहार में हरा चारा, सूखा चारा और पौष्टिक दाना संतुलित मात्रा में देने की सलाह दी है। उनके मुताबिक, पशुओं को बहुत अधिक ठंडा पानी देने से बचना चाहिए। साथ ही पानी रखने वाले बर्तनों की नियमित सफाई भी जरूरी है।

बछड़ों और बीमार पशुओं की विशेष निगरानी करें
जानकारों ने ठंड के दौरान छोटे बछड़ों और पहले से बीमार पशुओं की विशेष निगरानी करने की सलाह दी है। पशुपालकों को रात के समय भी पशुओं की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। सर्दियों में पशुशाला को सूखा रखने, ठंडी हवा से बचाव करने और संतुलित खानपान की व्यवस्था करने से पशुओं की सेहत का ध्यान रखा जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन