ऊना और आसपास के इलाके के पशुपलाकों के लिए काम की खबर है। हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली गांव में उप-मंडलीय पशु चिकित्सालय के भवन परिसर की आधारशिला रखी है। डिप्टी सीएम के अनुसार, नया अस्पताल बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को मवेशियों का इलाज करने में बड़ी राहत मिलेगी। बता दें कि यह भवन 1.46 करोड़ रुपये की लगात से तैयार होगा।
हरोली नागरिक अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
उप-मुख्यमंत्री के अनुसार, हरोली को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जा रहा है। यहां के नागरिक अस्पताल में 9 करोड़ रुपये की लागत से तीसरे ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस अस्पताल में विशेषज्ञों समेत 14 चिकित्सकों की तैनाती की जा चुकी है और अगले दो महीनों के भीतर एक नया ऑपरेशन थिएटर भी जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
शिक्षा, पेयजल और इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, हरोली राजकीय महाविद्यालय में 27 करोड़ रुपये की लागत से नया बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है, जिससे आगामी सत्र में छात्रों की संख्या 600 से बढ़कर 1,000 होने की संभावना है। इसके साथ ही हरोली में 52 बसों की क्षमता वाला राज्य का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाया गया है। वहीं जल शक्ति विभाग द्वारा 500 करोड़ रुपये की योजनाओं के तहत 325 गहरे नलकूप तैयार किए गए हैं, जिससे पेयजल व सिंचाई का संकट दूर हुआ है।
कृषि आधारित उद्योगों से बढ़ेगी किसानों की आय
एक आटा मिल का उद्घाटन करते हुए उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां किसानों को उनके उत्पादों के लिए तैयार स्थानीय बाजार उपलब्ध कराती हैं, जिससे उनकी आमदनी में सुधार होता है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से अपील की कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कृषि आधारित उद्योगों में उद्यमिता के अवसर तलाशें।