Home›Khabar Junction›
Ndri Amazing Work Buffalo Milk Remove Allergenic Protein Increase Muscle Development Two Gene Changes Made
NDRI का कमाल: भैंस के दूध से हटेगा एलर्जी वाला प्रोटीन, मांसपेशियों का विकास भी बढ़ेगा; जीन में किए दो बदलाव
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 29 Nov 2026 02:32 PM IST
सार
एनडीआरआई करनाल के वैज्ञानिकों ने क्रिस्पर-कैस तकनीक से भैंस में दो आनुवंशिक बदलाव किए हैं। इससे दूध में एलर्जी से जुड़े प्रोटीन को रोकने और मांसपेशियों का विकास बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई), करनाल के वैज्ञानिकों ने जीन एडिटिंग तकनीक की मदद से भैंस में दो बड़े आनुवंशिक बदलाव किए हैं। इस तकनीक से तैयार भैंस के दूध में एलर्जी पैदा करने वाले एक खास प्रोटीन का निर्माण रोकने की कोशिश की गई है। साथ ही, भैंस की मांसपेशियों का विकास बढ़ाने के लिए भी उसके जीन में बदलाव किया गया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने इसकी जानकारी दी।
वैज्ञानिकों ने भैंस के जीन में ये बदलाव क्रिस्पर-कैस (CRISPR-Cas) तकनीक से किए हैं। इस तकनीक की मदद से जीव के डीएनए में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। वैज्ञानिकों का उद्देश्य ऐसा दूध तैयार करना है, जिससे एलर्जी की समस्या कम हो और पशु की मांसपेशियों का विकास भी बेहतर हो सके।
दूध में एलर्जी पैदा करने वाले प्रोटीन को रोकने का प्रयास
भैंस के दूध में बीटा लैक्टोग्लोब्युलिन (बीएलजी) नाम का प्रोटीन पाया जाता है। कुछ लोगों को इस प्रोटीन से एलर्जी हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिकों ने भैंस के बीएलजी जीन में बदलाव किया है, ताकि उसके दूध में इस प्रोटीन का निर्माण रोका जा सके। इस बदलाव से भविष्य में ऐसे दूध के विकास का रास्ता खुल सकता है, जिससे बीएलजी प्रोटीन के कारण होने वाली एलर्जी की समस्या कम हो सके।
मांसपेशियों का विकास बढ़ाने के लिए दूसरा बदलाव
वैज्ञानिकों ने भैंस के मायोस्टैटिन (एमएसटीएन) जीन में भी बदलाव किया है। यह जीन शरीर में मांसपेशियों की वृद्धि को नियंत्रित करता है। इसमें बदलाव करने से मांसपेशियों के विकास पर लगने वाला प्राकृतिक नियंत्रण कम हो जाता है। इससे मांसपेशियों का आकार और विकास बढ़ सकता है। वैज्ञानिक भाषा में इसे डबल मसलिंग कहा जाता है।
अभी किसानों और बाजार तक नहीं पहुंचेगी भैंस
आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट के अनुसार, जीनोम एडिटिंग तकनीक कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में कई नई संभावनाएं खोल सकती है। आईसीएआर के संस्थानों में फसल, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन और सूक्ष्मजीवों से जुड़े क्षेत्रों में भी इस तकनीक पर काम हो रहा है।
हालांकि, एनडीआरआई के वैज्ञानिकों की ओर से तैयार इस भैंस को अभी किसानों तक पहुंचाने या व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराने की अनुमति नहीं मिली है। इसके लिए सरकार की मंजूरी जरूरी होगी। मंजूरी से पहले भैंस की जैव सुरक्षा, स्वास्थ्य, प्रजनन क्षमता और इससे मिलने वाले दूध की खाद्य सुरक्षा की जांच की जाएगी। वैज्ञानिकों के अनुसार, भैंस स्वस्थ है और उसमें किए गए दोनों आनुवंशिक बदलावों की सफलता की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, सरकारी मंजूरी मिलने तक इसे अनुसंधान के दायरे में ही रखा जाएगा।
क्या है जीनोम एडिटिंग तकनीक?
जीनोम एडिटिंग एक आधुनिक तकनीक है, जिसकी मदद से किसी जीव के डीएनए में खास जगह पर बदलाव किया जा सकता है। इसके जरिए किसी जीन को बदला, हटाया या उसमें नया आनुवंशिक बदलाव किया जा सकता है। इसका इस्तेमाल पौधों, पशुओं और सूक्ष्मजीवों में मनचाहे गुण विकसित करने के लिए किया जा रहा है।
क्रिस्पर-कैस (CRISPR-Cas) जीन एडिटिंग की प्रमुख तकनीकों में से एक है। इसकी मदद से डीएनए के चुने हुए हिस्से में बदलाव किया जा सकता है। कृषि और पशुपालन में इस तकनीक से बेहतर गुणों वाली फसलें और पशु विकसित करने की संभावनाओं पर शोध हो रहा है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।