Home›Khabar Junction›
Fake Fertilisers And Seeds Being Supplied From Rajasthan To 16 States Agriculture Minister Took Big Action
16 राज्यों में हो रही थी नकली खाद-बीज की सप्लाई : 22 फैक्ट्री सीज, 12 अफसर सस्पेंड, 20 FIR
गांव जंक्शन, जयपुर
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 14 Jun 2025 03:45 PM IST
सार
मिलीभगत के आरोप में कृषि विभाग के 12 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। बीते दिनों से राजस्थान में खुद कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने नकली बीज, खाद और कीटनाशक दवा बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापे मारे थे।
16 राज्यों में हो रही थी नकली खाद-बीज की सप्लाई
- फोटो : गांव जंक्शन
राजस्थान में नकली खाद, बीज और कीटनाशक माफियाओं के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य की 40 कंपनियों में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने छापे मारे, जिनमें 20-22 फैक्ट्रियों को सीज किया गया है। राज्य के किशनगढ़ में 20 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। साथ ही, मिलीभगत के आरोप में कृषि विभाग के 12 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। बीते दिनों से राजस्थान में खुद कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने नकली बीज, खाद और कीटनाशक दवा बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापे मारे थे। कृषि मंत्री के अनुसार, राजस्थान से 16 राज्यों में नकली बीज, खाद की सप्लाई की जा रही थी।
22 फैक्ट्री सीज, 20 एफआईआर
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया है कि उन्होंने खाद, बीज और कीटनाशक से संबंधित 40 फार्म देखे हैं, जिसमें से 20-22 को सीज भी कर दिया गया है। सभी के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि किशनगढ़ में 20 FIR दर्ज कराई हैं। उनका कहना है कि भोले-भाले किसानों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। कृषि मंत्री ने पिछले 14 दिनों के भीतर अजमेर, जयपुर और श्रीगंगानगर जिलों में नकली बीज, खाद और कीटनाशक दवा बनाने वाली फैक्ट्रियों में छापेमारी की।
12 अधिकारी सस्पेंड
हैरत की बात यह है कि किसानों को लूटने वाले माफियाओं का साथ कई अधिकारी दे रहे थे। इनमें 12 अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। कृषि मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि माफियाओं से मिलीभगत में संलिप्त 12 अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। जिनमें से 9 अधिकारियों को किशनगढ़ में कार्रवाई के लिए भेजा गया था, लेकिन उन्होंने गोलमोल कर दिया। उन्होंने बताया कि 3 अधिकारियों को जयपुर में छापा मारना था, लेकिन वे फोन बंद करके बैठ गए। मंत्री मीणा ने बताया कि इन 12 अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है।
#WATCH जयपुर: राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने बताया, "हमने खाद, बीज और कीटनाशक से संबंधित 40 फार्म हमने देखे हैं जिसमें से 20 को सीज़ भी कर दिया गया है। सभी के सैंपल लिए गए हैं जिनकी जांच की जा रही है। किशनगढ़ में हमने 20 FIR दर्ज़ कराई हैं... 12 अधिकारियों… pic.twitter.com/MRxXsAVhKv
16 राज्यों में हो रही थी सप्लाई
राजस्थान से नकली खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं की सप्लाई देश के 16 राज्यों में हो रही थी। कृषि मंत्री ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि हमारे यहां से 16 राज्यों में फर्टिलाइजर जा रहा था, जिसे नकली कह रहे हैं। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के खरगौन में पुलिस ने एक ट्रक पकड़ा था, जिसमें नकली जिप्सम पाई गई थी। उन्होंने बताया कि उनके पास लगातार किसानों की शिकायतें आ रही थीं। उनका कहना है कि कार्रवाई जारी रहेगी।
कृषि मंत्री ने खुद संभाला था मोर्चा, मारे थे ताबड़तोड़ छापे
किशनगढ़ क्षेत्र में कृषि मंत्री की छापेमारी के दौरान यह खुलासा हुआ कि कई फैक्ट्रियां नकली डीएपी, एनपीके, एसएसपी जैसे खाद उत्पाद तैयार कर रही थीं और इनकी आपूर्ति राजस्थान समेत देश के 15 से अधिक राज्यों में हो रही थी। 3-4 जून को श्रीगंगानगर में 14 बीज उत्पादक इकाइयों पर कार्रवाई की गई। यहां खराब गुणवत्ता वाले बीज पाए गए, जिससे किसानों को फसल नुकसान का खतरा था। संबंधित अधिकारियों पर भी जल्द सख्त कार्रवाई होने की संभावना है।
11 जून को जयपुर के बगरू और वीकेआई इलाकों में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित रसायन 'फोरेट' बरामद किया गया। यह रसायन भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित है। मंत्री मीणा ने आधी रात के बाद छापे की निगरानी की और दोषियों पर पेस्टिसाइड एक्ट 1968 के तहत कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।