दिवाली त्योहार को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने राज्य की सहकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों में काम करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बोनस और सहायता राशि देने की घोषणा की है।
दो चीनी मिलों के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत तक का बोनस
राज्य में वर्तमान में 16 सहकारी और दो सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलें चल रही हैं। नए आदेश के तहत, सुब्रमण्य शिव और कल्लाकुरिची-II सहकारी चीनी मिलों के कर्मचारियों को अधिकतम 20 प्रतिशत का बोनस दिया जाएगा, क्योंकि इन दोनों मिलों के पास सरप्लस (बचत) राशि मौजूद है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस बोनस में 8.33 प्रतिशत वैधानिक बोनस और 1.67 प्रतिशत अनुग्रह राशि शामिल है।
बाकी चीनी मिलों के लिए 10 प्रतिशत बोनस तय
सुब्रमण्य शिव और कल्लाकुरिची-II को छोड़कर राज्य की बाकी बची 14 सहकारी और दो सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों के कर्मचारियों के लिए सरकार ने कुल 10 प्रतिशत बोनस को मंजूरी दी है। सरकारी आदेश के अनुसार, इस 10 प्रतिशत में 8.33 प्रतिशत का वैधानिक बोनस और 1.67 प्रतिशत एक्स-ग्रेशिया (अनुग्रह राशि) का हिस्सा शामिल किया गया है।
5,190 कर्मचारियों को मिलेगा सीधा फायदा
त्योहार से ठीक पहले की गई इस घोषणा से राज्य की कुल 18 चीनी मिलों में काम करने वाले लगभग 5,190 श्रमिकों और कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। सरकारी बयान के अनुसार, कर्मचारियों को दिवाली का यह तोहफा देने के लिए राज्य सरकार को लगभग 351.40 लाख रुपये का खर्च वहन करना होगा। सरकार की इस पहल से मिल कर्मचारियों के परिवारों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह है।