Home›Khabar Junction›
Cyclone Arnab Causes Massive Damage Andhra Pradesh Over 28 000 People Evacuated Cm Seeks Centre Help
चक्रवात 'अर्णब' से आंध्र में भारी नुकसान : 28 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित निकाले गए, CM ने केंद्र से मांगी मदद
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 28 Oct 2026 05:51 PM IST
सार
आंध्र प्रदेश में चक्रवात ‘अर्णब’ से फसलों, मकानों और सड़कों को नुकसान पहुंचा। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र से टीम भेजने की मांग की।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवात ‘अर्णब’ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार से जल्द केंद्रीय टीम भेजने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर बताया कि चक्रवात से राज्य में फसलों, मकानों, सड़कों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र से सहयोग जारी रखने की अपील भी की है।
28 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
मुख्यमंत्री ने पत्र में बताया कि चक्रवात से निपटने के लिए 14 जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 16 और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 11 टीमें तैनात की गई हैं। प्रभावित इलाकों से 28 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है।
नायडू के मुताबिक, राज्य की सरकारी मशीनरी रातभर राहत और बचाव कार्यों में जुटी रही। सरकार ने अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिलने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने इसका श्रेय पहले से की गई तैयारियों को दिया।
छह जिले चक्रवात से ज्यादा प्रभावित
मुख्यमंत्री के अनुसार, कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, अनकापल्ली और कृष्णा जिले चक्रवात से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के साथ बिजली और पीने के पानी की आपूर्ति जल्द बहाल करना है।
नुकसान का आकलन कर केंद्र को भेजी जाएगी रिपोर्ट
नायडू ने बताया कि चक्रवात से हुए नुकसान का शुरुआती आकलन किया गया है, लेकिन इसकी जांच अभी जारी है। विस्तृत आकलन पूरा होने के बाद केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने केंद्र से जल्द केंद्रीय टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराने और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल समेत अन्य केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में मदद जारी रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में बारिश और बाढ़ की स्थिति पर नजर रखेगी तथा हालात की जानकारी केंद्र सरकार को देती रहेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।