Home›Khabar Junction›
Cyclone Akvan Andhra Pradesh Faces Threat 23 87 Lakh Hectares Of Crops In Danger Farmers Alert
Cyclone Akvan: आंध्र प्रदेश में चक्रवात का खतरा, संकट में 23.87 लाख हेक्टेयर की फसलें, किसानों को अलर्ट
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 16 Nov 2026 04:48 PM IST
सार
Cyclone Akvan: आंध्र प्रदेश में 20 नवंबर को चक्रवात अकवान के टकराने की आशंका है। 23.87 लाख हेक्टेयर में खड़ी फसलों पर खतरा, जानें धान, मिर्च और नारियल के किसानों के लिए सरकार की सलाह।
आंध्र प्रदेश में चक्रवात अकवान का खतरा
- फोटो : AI Image
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone Akvan) में बदल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम तक इसके चक्रवात बनने की संभावना है। इसके बाद यह 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के बीच नेल्लोर और तूनी के आसपास बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकरा सकता है। इसे देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने किसानों, मछुआरों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार, 16 नवंबर को राज्य सचिवालय स्थित रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी (RTGS) केंद्र में चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। चक्रवात का असर पहले आए चक्रवात अर्नब जैसा रहने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में ज्यादा असर की आशंका
अधिकारियों के मुताबिक, चक्रवात से कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, एनटीआर और गुंटूर समेत कई जिले प्रभावित हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चक्रवात की दिशा और गति पर लगातार नजर रखने और समय रहते जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय टीम की ओर से दिए गए सुझावों को भी जमीन पर लागू करने को कहा।
23.87 लाख हेक्टेयर में खड़ी हैं फसलें
कृषि एवं मत्स्य पालन मंत्री के. अच्चन्नायडू ने कृषि, बागवानी और मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए खेतों में खड़ी फसलों और मछुआरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। 14 नवंबर तक राज्य में खरीफ और रबी की कुल 23.87 लाख हेक्टेयर जमीन पर फसलें थीं। इनमें 21.32 लाख हेक्टेयर में खरीफ की फसल खड़ी थी, जबकि 2.55 लाख हेक्टेयर में रबी की बुवाई हो चुकी थी।
राज्य में प्रमुख फसलों का रकबा इस प्रकार है
धान : 13.60 लाख हेक्टेयर
अरहर : 4.42 लाख हेक्टेयर
कपास : 1.92 लाख हेक्टेयर
मंत्री ने बताया कि तटीय क्षेत्र के 10 जिलों में 9.51 लाख हेक्टेयर में फसलें लगी हैं। इनमें 9.16 लाख हेक्टेयर में धान की खेती है। इन इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
किसानों को फसल सुरक्षित जगह पहुंचाने की सलाह
सरकार ने किसानों को सलाह दी है कि जिन खेतों में धान, मक्का और कपास की फसल कटाई के लिए तैयार है, वहां मौसम की स्थिति देखकर जल्द कटाई कर लें। कटी हुई फसल और उपज को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था करें।
इसके अलावा खेतों की नालियों और जल निकासी के रास्तों को साफ रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश का पानी खेतों में जमा न हो। किसानों को भारी बारिश के दौरान खाद और कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है। रबी फसलों की बुवाई बारिश रुकने और मिट्टी की स्थिति अनुकूल होने के बाद ही करने को कहा गया है।
16 जिलों में बागवानी फसलों पर भी खतरा
चक्रवात से राज्य के 16 जिलों में 2,69,831 हेक्टेयर में लगी बागवानी फसलें प्रभावित हो सकती हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
मिर्च : 1,08,615 हेक्टेयर
नारियल : 98,526 हेक्टेयर
हल्दी : 24,469 हेक्टेयर
इसके अलावा केले, पपीते और अन्य सब्जियों की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। मंत्री ने पलनाडु, कोनसीमा, मार्कापुरम, एलुरु और अल्लूरी सीताराम राजू जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। अधिकारियों को केले और पपीते के पौधों को सहारा देने, तैयार उपज को जल्द मंडियों तक पहुंचाने और खेतों में पानी जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि वैज्ञानिकों की सलाह भी समय पर किसानों तक पहुंचाने को कहा गया है।
173 मछली पकड़ने वाली नावें अब भी समुद्र में
चक्रवात को देखते हुए राज्य के 12 तटीय जिलों में मत्स्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। आंध्र प्रदेश की 1,053 किलोमीटर लंबी तटरेखा पर मछुआरों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। मंत्री के मुताबिक, राज्य में कुल 30,808 मछली पकड़ने वाली नावें हैं। 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक इनमें से 30,635 नावें सुरक्षित तट पर लौट चुकी थीं, जबकि 173 नावों को वापस लाने के प्रयास जारी थे।
इनमें काकीनाडा की 78, बापटला की 38, विशाखापत्तनम की 24, अनकापल्ली की 24 और कृष्णा जिले की 9 नावें शामिल हैं। मछुआरों को 1,08,250 वॉयस अलर्ट भेजे गए हैं। वहीं, नाभिमित्र सिस्टम के जरिए 8,217 नावों की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को 555 तटीय मछुआरा गांवों और 350 मछली उतारने वाले केंद्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मछुआरों को चक्रवात के दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
मछली पालन करने वाले किसान भी रहें सतर्क
सरकार ने मछली और झींगा पालन करने वाले किसानों को तालाबों के किनारों को मजबूत करने की सलाह दी है। साथ ही पानी में घुली ऑक्सीजन, पीएच और लवणता के स्तर की नियमित जांच करने को कहा है। नावों, मछली पकड़ने के जाल और बिजली के उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा सभी हैचरी और 1,446 अंतर्देशीय मत्स्य सहकारी समितियों को पहले ही चेतावनी जारी कर दी गई है।
फसल नुकसान का आकलन 24 घंटे में करने के निर्देश
कृषि एवं मत्स्य पालन मंत्री ने अधिकारियों को चक्रवात का असर खत्म होने के बाद 24 घंटे के भीतर बागवानी फसलों के नुकसान की शुरुआती रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एक सप्ताह के भीतर किसानवार नुकसान का ब्योरा भी देना होगा।
कृषि फसलों के नुकसान का आकलन राजस्व विभाग के साथ मिलकर किया जाएगा। जिन किसानों की फसल को 33 फीसदी से अधिक नुकसान होगा, उनके लिए निर्धारित नियमों के अनुसार इनपुट सब्सिडी देने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
राज्य और जिला स्तर पर बने कंट्रोल रूम के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। अधिकारियों को कृषि फसलों की स्थिति की रिपोर्ट APAIMS पोर्टल पर रोजाना सुबह 11 बजे और शाम 5 बजे अपलोड करनी होगी। किसानों को मौसम और फसल प्रबंधन से जुड़ी सलाह देने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 155251 भी जारी किया गया है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।