विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Crops Destroyed Cyclone Up Compensated Yogi Earlier Compensation Insufficient New Package Provided

UP में चक्रवात से तबाह हुई फसलों की होगी भरपाई : योगी बोले- पहले का मुआवजा नाकाफी, अब मिलेगा नया पैकेज

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 01 Nov 2026 04:11 PM IST
सार

चक्रवात और असमय बारिश से उत्तर प्रदेश में फसलों को नुकसान पहुंचा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सर्वे कराकर तत्काल मुआवजा देने और किसानों के लिए नया राहत पैकेज लाने की बात कही है। रबी बुवाई के लिए 12 लाख क्विंटल बीज भी सब्सिडी पर मिलेंगे।

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में चक्रवात के कारण हुई असमय बारिश और तेज हवाओं से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई जिलों से मक्का, धान, गन्ना, केला, सब्जियों और बागवानी फसलों के प्रभावित होने की खबरें मिली हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को भरोसा दिया है कि सरकार फसल नुकसान की भरपाई करेगी। इसके लिए नया राहत पैकेज लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले किसानों को दिया गया मुआवजा नुकसान के मुकाबले पर्याप्त नहीं था। इसलिए सभी जिलों के अधिकारियों को फसलों के नुकसान का जल्द सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं।

फसल नुकसान की भरपाई के लिए आएगा नया पैकेज
सीएम योगी ने कहा कि चक्रवात के कारण असमय बारिश, भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। सरकार किसानों को इस संकट से उबारने के लिए हर संभव मदद करेगी। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि खेतों में हुए नुकसान का सही आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए नया राहत पैकेज तैयार किया जाएगा। इसके जरिए प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

गोरखपुर में 288 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली और छठ पर्व से पहले गोरखपुर के चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में 288 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले चरण में ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चक्रवात से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी उठाया और कहा कि गोरखपुर सहित प्रदेश के दूसरे जिलों में फसलों को हुए नुकसान की भरपाई सरकार करेगी।

रबी की बुवाई के लिए सब्सिडी पर मिलेंगे 12 लाख क्विंटल बीज
मुख्यमंत्री ने किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और फसल विविधीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपज को तैयार उत्पाद में बदलेंगे, तो उसका ज्यादा मुनाफा प्रदेश के किसानों और स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में ही फसलों की प्रोसेसिंग होगी, तो इससे किसानों के साथ-साथ प्रोसेसिंग यूनिट में काम करने वाले लोगों और स्थानीय उद्यमियों को भी फायदा होगा। सीएम योगी ने बताया कि रबी सीजन की बुवाई के लिए किसानों को सब्सिडी पर 12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से इन बीजों का लाभ उठाने और उन्नत किस्मों की बुवाई करने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन