विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Big Relief Potato Farmers In Bengal Compensation Losses Incurred In Previous Season Cm Announces

बंगाल के आलू किसानों को बड़ी राहत: पिछले सीजन के नुकसान पर मिलेगा मुआवजा, सीएम ने किया एलान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 01 Nov 2026 04:25 PM IST
सार

पश्चिम बंगाल के आलू किसानों को पिछले सीजन में हुए नुकसान का मुआवजा मिलेगा। सीएम सुवेंदु अधिकारी 5 नवंबर को राहत पैकेज का ऐलान करेंगे। पीएम-किसान लाभार्थियों को भी 3,000 रुपये दिए जाएंगे।

आलू की खेती
आलू की खेती - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल के आलू किसानों के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मुआवजे की घोषणा की है। पिछले फसल सीजन में नुकसान उठाने वाले दक्षिण बंगाल के आलू किसानों को सरकार आर्थिक मदद देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुआवजा पैकेज का ऐलान 5 नवंबर को हुगली जिले के पुरसुरा में किया जाएगा। सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जिन आलू किसानों को नुकसान उठाना पड़ा था, उन्हें अब मुआवजा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार की किसान कल्याण योजना के तहत पीएम-किसान सम्मान निधि के सभी लाभार्थियों को 5 नवंबर को 3,000 रुपये दिए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि यह रकम पीएम-किसान की किस्त के रूप में मिलेगी या राज्य सरकार की ओर से अलग से आर्थिक सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बीजेपी की सरकार रहते पश्चिम बंगाल की सीमाओं पर आलू से भरे ट्रकों को दूसरे राज्यों में जाने से नहीं रोका जाएगा। दरअसल, साल 2025 में तत्कालीन टीएमसी सरकार ने पश्चिम बंगाल से दूसरे राज्यों में आलू भेजने और बेचने पर रोक लगा दी थी। इससे अच्छी पैदावार होने के बावजूद किसानों को नुकसान उठाना पड़ा था। किसानों का कहना था कि जब तक रोक हटाई गई, तब तक उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हो चुका था।

पश्चिम बंगाल में आलू की खेती मुख्य रूप से हुगली और उसके आसपास के पूर्व बर्धमान जिले में होती है। पिछले सीजन में आलू को दूसरे राज्यों में भेजने पर लगी रोक का असर इन जिलों के किसानों पर भी पड़ा था। अब राज्य सरकार की ओर से मुआवजा पैकेज लाने की घोषणा के बाद प्रभावित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। 5 नवंबर को होने वाले ऐलान से यह साफ होगा कि किसानों को कितनी आर्थिक मदद मिलेगी और मुआवजे का लाभ किन किसानों को दिया जाएगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन