विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Cooking At Home Has Become Costlier The Cost Of A Meal Surged By Up To 12 In October

घर पर खाना पकाना हुआ महंगा : अक्टूबर में 12% तक उछली थाली की लागत, क्यों बिगाड़ा रसोई का बजट? जानें...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 17 Nov 2026 01:47 PM IST
सार

  • अक्तूबर में घर पर खाना बनाना महंगा हुआ है
  • एक रिपोर्ट के अनुसार,  शाकाहारी थाली की लागत सालाना आधार पर 12% बढ़ी है।
  • मांसाहारी थाली की कीमत 9% बढ़कर 59.2 रुपये तक पहुंची।
  • प्याज से लेकर खाद्य तेल की कीमतों तक ने बिगाड़ा खेल ।

अक्तूबर में घर पर खाना पकाना हुआ महंगा।
अक्तूबर में घर पर खाना पकाना हुआ महंगा। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

घर पर खाना बनाने की लागत में बढ़ोतरी देखने को मिली है। क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार, बीते अक्तूबर महीने में घर पर बनने वाली शाकाहारी थाली की लागत में सालाना हिसाब से 12 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। रिपोर्ट, प्याज, टमाटर, खाद्य तेल, चावल और एलपीजी सिलेंडर के भाव में तेजी को रसोई खर्च में बढ़ोतरी से जोड़ती है। दूसरी तरफ चिकन की कीमतों में धीमी बढ़त के चलते मांसाहारी थाली की लागत सालाना हिसाब से 9 प्रतिशत बढ़ी है। 

वेज और नॉन-वेज थाली की कीमतों में अंतर
क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार, अक्तूबर में एक साधारण शाकाहारी थाली तैयार करने का खर्च बढ़कर 31.2 रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 27.8 रुपये था। वहीं एक साल पहले 54.4 रुपये में बनने वाली नॉन-वेज थाली की लागत अक्तूबर में बढ़कर 59.2 रुपये पर पहुंच गई। मासिक हिसाब से देखें तो सितंबर की तुलना में अक्तूबर में शाकाहारी थाली की लागत में 1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि चिकन के दाम घटने से मांसाहारी थाली की लागत में 1 प्रतिशत की मामूली गिरावट आई।

प्याज की कीमतों में दोगुने से अधिक का भारी उछाल
रिपोर्ट के अनुसार, शाकाहारी थाली की लागत बढ़ाने में सबसे बड़ा कारण प्याज रहा, जिसके भाव सालाना आधार पर दोगुने से भी अधिक होकर 53 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए। क्रिसिल के अनुसार, रबी सीजन के उत्पादन में 5 से 6 प्रतिशत की गिरावट, गोदामों में बचे स्टॉक की कमी और आमतौर पर अक्तूबर में शुरू होने वाली खरीफ प्याज की आवक में हुई देरी के चलते प्याज की कीमतों में यह तीव्र उछाल देखा गया।

टमाटर और चावल की आवक घटने से बढ़ी कीमतें
क्रिसिल के आंकड़ों के अनुसार, दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों से खरीफ की आवक में देरी और त्योहारी मांग के चलते टमाटर की कीमतों में सालाना आधार पर 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं दूसरी ओर, धान की कटाई में देरी होने से अक्तूबर माह में मंडियों में चावल की आवक 40 प्रतिशत तक घट गई। इसके साथ ही बाजार में बारीक और सुपर-फाइन किस्मों की कमी की आशंकाओं के कारण चावल के भाव में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत का उछाल आया।

भू-राजनीतिक अनिश्चितता और अल नीनो से खाद्य तेल महंगा
रिपोर्ट में बताया गया है कि अक्तूबर के दौरान खाद्य तेलों की कीमतों में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। इस मूल्य वृद्धि का मुख्य कारण वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितता और अल नीनो के प्रभाव से पाम तेल के उत्पादन में गिरावट आने की आशंकाएं रहीं, जिसके चलते घरेलू बाजार में भी खाद्य तेलों के दाम ऊंचे बने रहे।

त्योहारी सीजन में चिकन की मांग घटने से राहत
मांसाहारी थाली की लागत में वृद्धि की रफ्तार सीमित रहने का कारण ब्रायलर चिकन की दरों में सुस्ती रहा। रिपोर्ट के अनुसार, नॉन-वेज थाली की कुल लागत में ब्रायलर चिकन की हिस्सेदारी करीब आधी होती है और इसके भाव सालाना आधार पर केवल 5 प्रतिशत बढ़े। मासिक आधार पर त्योहारों के दौरान मांग कमजोर रहने के कारण सितंबर के मुकाबले अक्तूबर में ब्रायलर की कीमतों में 2 प्रतिशत की गिरावट आई, जिसने थाली की अन्य खाद्य सामग्रियों में हुई महंगाई के असर को काफी हद तक संतुलित कर दिया।


विज्ञापन
विज्ञापन