देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिल्ली में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्मी का असर बना हुआ है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में सुबह-शाम हल्की ठंड, दिन में धूप
दिल्ली में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और रात के समय तापमान कम होने से हल्की ठंड महसूस हो रही है। हालांकि, दोपहर में धूप निकलने के कारण मौसम गर्म बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 27 अक्टूबर तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है।
दक्षिण भारत में 27 अक्टूबर तक बारिश के आसार
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 22 से 27 अक्टूबर के बीच बारिश होने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में इस दौरान अलग-अलग दिनों में बारिश हो सकती है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी कई जगह बारिश होने की संभावना है।
कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों में 22 से 24 अक्टूबर के दौरान कई जगह बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी 22 से 27 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु और केरल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 25 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। 26 अक्टूबर को भी इन क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है।
केरल और माहे में 22 अक्टूबर तथा 24 और 25 अक्टूबर को कुछ जगह बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 23 और 26 से 27 अक्टूबर के दौरान भी भारी बारिश की संभावना है। लक्षद्वीप में 23 और 24 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 22 से 25 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है। ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है।
बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 26 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में 24 और 25 अक्टूबर को भी तेज हवाएं चल सकती हैं। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।
अंडमान-निकोबार और ओडिशा में भी बारिश के आसार
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 22 से 27 अक्टूबर के बीच कई जगह बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। ओडिशा में 26 और 27 अक्टूबर को छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में इस सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।