Home›Khabar Junction›
Coconut Industry World Coconut Producing Countries Gather In India International Meeting In Kerala November 17
Coconut Industry: भारत में जुटेंगे दुनिया के नारियल उत्पादक देश, केरल में 17 नवंबर से होगी अंतरराष्ट्रीय बैठक
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 16 Nov 2026 04:06 PM IST
सार
भारत 17 से 20 नवंबर तक केरल के कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय की 62वीं बैठक की मेजबानी करेगा। जानें किन देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल और नारियल किसानों, कारोबार व उद्योग के विकास पर क्या होगी चर्चा।
भारत 17 से 20 नवंबर 2026 तक केरल के कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय (International Coconut Community-ICC) की 62वीं बैठक और मंत्रीस्तरीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इस चार दिवसीय बैठक में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के नारियल उत्पादक देशों के मंत्री, सरकारी अधिकारी, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नारियल उत्पादक देशों के बीच सहयोग बढ़ाना और नारियल उद्योग के टिकाऊ विकास के लिए मिलकर काम करने के रास्ते तलाशना है।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत आने वाला नारियल विकास बोर्ड (Coconut Development Board-CDB) और इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय मिलकर कर रहे हैं।
1969 में हुई थी अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय की स्थापना
अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय की स्थापना 1969 में संयुक्त राष्ट्र की एशिया और प्रशांत क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (UN-ESCAP) के तहत हुई थी। यह नारियल उत्पादन करने वाले देशों का अंतर-सरकारी संगठन है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों को एक साझा मंच देना है, जहां वे नारियल क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों, संभावनाओं और विकास के मुद्दों पर चर्चा कर सकें। इसके जरिए सदस्य देश आपसी सहयोग बढ़ाने, नई तकनीकों और बेहतर तरीकों को साझा करने के साथ नारियल उद्योग के विकास के अवसर तलाशते हैं।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री करेंगे उद्घाटन
17 नवंबर को कोच्चि में सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर करेंगे। भारत सरकार के कृषि सचिव अतिश चंद्र उद्घाटन कार्यक्रम में अध्यक्षीय संबोधन देंगे।इस मौके पर मार्शल आइलैंड्स के प्राकृतिक संसाधन एवं वाणिज्य मंत्री एंथनी मुलर, किरिबाती के पर्यटन, वाणिज्य, उद्योग एवं सहकारिता राज्य मंत्री टंगरिकी रीते और समोआ के कृषि एवं मत्स्य पालन राज्य मंत्री मिसा टोनी आइयोलुपो भी विशेष संबोधन देंगे।
तीन श्रेणियों में मिलेगा सम्मान
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में नारियल क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों और उद्यमियों को तीन श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय नारियल किसान, उत्कृष्ट नारियल वैज्ञानिक या शोधकर्ता और सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय नारियल उद्यमी शामिल हैं। इसके तहत ICC की ओर से प्रशस्ति पट्टिकाएं देकर सम्मानित किया जाएगा।
नारियल उत्पादक देशों के बीच बढ़ेगा सहयोग
चार दिवसीय बैठक में सदस्य देश वैश्विक नारियल उद्योग से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसमें अलग-अलग देशों के अनुभव और खेती के बेहतर तरीकों को साझा किया जाएगा। साथ ही, नारियल उत्पादन और उद्योग के सामने आ रही चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
इस बैठक से नारियल उत्पादक देशों के बीच व्यापार, तकनीक, शोध और आपसी साझेदारी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही वैश्विक नारियल उद्योग को टिकाऊ और मजबूत बनाने के लिए साझा प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।