चीन अपने यहां जीएम धान की खेती से इंकार करता आया है। दूसरी तरफ यूरोपीय संघ ने चीन से आने वाली तीन चावल आधारित उत्पादों की खेपों को खारिज कर दिया है। जानकारी के अनुसार, यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने यह कदम चावल में जीएमओ पाए जाने के बाद उठाया है। पहली दो खेप नवंबर महीने और एक खेप 24 सितंबर को खारिज की गई थी।
यूरोपीय संघ और चीन के बीच जीएम के चक्कर में चावल की खेप को रद्द करने का यह पहला मामला नहीं है। 2026 में ऐसी खेपों की कुल संख्या अब बढ़कर आठ हो गई है, जिन्हें जीएम की मौजूदगी का हवाला देकर रद्द कर दिया गया।
केवल चावल तक नहीं आटे की खेपों में भी जीएमओ मिले
यूरोपीय संघ के सदस्य देश जर्मनी ने नवंबर महीने में रद्द हुई कुल दो चावल की खेपों को रद्द किया। वहीं, 24 सितंबर को बेल्जियम ने सूचित किया था कि चीन में बने राइस केक में गैर-अधिकृत जीएमओ तत्व मिले हैं, जिसके बाद उसे रद्द कर दिया गया। गौर करने वाली बात यह है कि चीन और जीएमओ का संबंद मात्र चावल तक सीमित नहीं है। यूरोपीय संघ की खाद्य और पशु आहार के लिए बनी चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 2026 की शुरुआत में भी चीन से आने वाले राइस क्रैकर्स, नूडल्स और आटे की खेपों में जीएमओ पाए गए थे।
परीक्षण के लिए उगाए गए चावल के बाजार में लीक होने का दावा
रिपोर्ट के अनुसार, चीन के चावल आधारित उत्पादों में अनधिकृत जीएम सामग्री मिलने की वजह पहले किए जा रहे परीक्षणों की सामग्री का बाहर लीक होना बताया जा रहा है। अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) के सेवानिवृत्त अर्थशास्त्री फ्रेड गेल ने अपने ब्लॉग 'डिम सम्स' में कहा है कि चीन जीएम चावल उगाने से इनकार करता है, लेकिन अतीत में ऐसे मामले सामने आए हैं जब वैज्ञानिक परीक्षणों में उगाया गया जीएम चावल चीन के बाजार में लीक हो गया। एक व्यापारिक सूत्र के अनुसार, बीजिंग अभी तक जीएमओ चावल के असली स्रोत का पता नहीं लगा पाया है, जिसकी वजह से निर्यात होने वाली खेपों में इसके अंश मिल रहे हैं।
ईयू में चीन के खाद्य उत्पादों के खिलाफ सैकड़ों अलर्ट
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2002 से 2025 के बीच यूरोपीय संघ द्वारा चीन के खाद्य निर्यात के खिलाफ 275 से अधिक जीएमओ खाद्य सूचनाएं जारी की गई हैं। आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि केवल 2006 से 2025 के बीच ही चीन के चावल से बने उत्पादों को लेकर 125 से ज्यादा चेतावनी सूचनाएं जारी की जा चुकी हैं।
चीन ने भारत समेत कई देशों की रिकॉर्ड 146 खेप वापस भेजीं
इन घटनाओं के बीच, चीन खुद इस साल मार्च से जीएमओ की कथित मौजूदगी का आरोप लगाते हुए भारतीय चावल की खेपों को खारिज कर रहा है। इसके अलावा, चीन ने कजाकिस्तान, रूस, यूक्रेन, बेलारूस और जापान से आने वाली खेपों को भी वापस भेज दिया है, जबकि इन देशों में जीएमओ फसलों की खेती पर प्रतिबंध है। इन देशों पर रेपसीड तेल और गेहूं का आटा भेजने का आरोप लगाया गया था। आंकड़ों के अनुसार, चीन ने जनवरी से जून के बीच रिकॉर्ड 146 खेप खारिज की हैं, जो साल 2025 में खारिज की गई 38 खेपों के मुकाबले लगभग चार गुना है। वहीं, जीएमओ पाए जाने के आधार पर यूरोपीय संघ द्वारा भारत की किसी भी खेप को खारिज नहीं किया गया है।