Home›Khabar Junction›
Chhattisgarh Paddy Will Be Sold Rs 3100 Per Quintal 366 Farmers Sold 9365 Quintals Produce First Day
छत्तीसगढ़: 3100 रुपये क्विंटल बिकेगा धान, पहले दिन 366 किसानों ने बेची 9365 क्विंटल उपज
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 18 Nov 2026 01:50 PM IST
सार
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में धान खरीदी शुरू हो गई है। पहले दिन 366 किसानों ने 9,365 क्विंटल धान बेचा। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर मिलेगी। नए खरीदी केंद्र और ऑनलाइन टोकन की सुविधा भी मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गई है। रायपुर जिले में खरीदी के पहले दिन किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के 159 धान खरीदी केंद्रों में से 129 केंद्रों पर पहले दिन खरीद हुई। इन केंद्रों पर 366 किसानों ने कुल 9,365.60 क्विंटल धान बेचा। इसकी कुल कीमत 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपये रही।
इस साल किसानों की सुविधा के लिए जिले में 21 नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 17 केंद्रों पर भी पहले दिन से ही खरीदी शुरू हो गई। नए केंद्र खुलने से आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे।
3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी
राज्य सरकार ने खरीफ सीजन में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का फैसला किया है। एक एकड़ जमीन पर अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने पूजा कर शुरू कराई खरीदी
गोबरा नवापारा तहसील के नए धान खरीदी केंद्र उमरपोटी में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा, नगपुरा, बरौदा और मुंरेठी धान खरीदी केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने वहां खरीदी की शुरुआत कराई और किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुंरेठी और नगपुरा केंद्रों पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप और नगर पंचायत चंदखुरी के अध्यक्ष प्रतीक बैस भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से धान की जांच की और खुद तौल प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
खरीदी केंद्रों पर पेयजल और छाया की व्यवस्था
कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इनमें पीने का पानी, छाया, बैठने की जगह, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान रखने की सुरक्षित व्यवस्था शामिल है।
धरसींवा तहसील के बरौदा केंद्र पर भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खरीदी शुरू हुई। जिला नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अभिलाषा पैकरा ने गौरभाठा केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं, खोरपा केंद्र पर पहले दिन पांच किसान धान बेचने पहुंचे। अड़सेना, गोबरा नवापारा और जामगांव सहित जिले के अन्य केंद्रों पर भी खरीदी शुरू हुई।
'तुंहर टोकन' एप से घर बैठे मिलेगा टोकन
धान बेचने के लिए किसानों को टोकन लेने के लिए अब समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार ने इसके लिए 'तुंहर टोकन' मोबाइल एप की सुविधा दी है। किसान इस एप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन ले सकते हैं।
किसान अपनी सुविधा के अनुसार टोकन प्राप्त कर तय तारीख पर धान खरीदी केंद्र पहुंचकर उपज बेच सकते हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, सभी केंद्रों पर बारदाना, नमी जांचने की मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और धान रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।