विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Big Relief For Chhattisgarh Farmers Assistance Of Rs 13 839 Per Acre Will Be Provided On Selling Paddy

छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत: धान बेचने पर मिलेगी 13839 रुपये प्रति एकड़ की सहायता

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 02:05 PM IST
सार

छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। अब 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता मिलेगी। वहीं, गन्ने की खरीद दर 70 रुपये बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है।

धान खरीद
धान खरीद - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को आर्थिक मदद देने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई अहम फैसले किए हैं। अब किसानों को धान की तय सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम उपज बेचने पर भी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की समान आदान सहायता राशि मिलेगी। वहीं, गन्ना किसानों के लिए गन्ने की खरीद दर में 70 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। अब यह दर बढ़कर 425 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है।

इसके अलावा सरकार दलहन, तिलहन और श्री अन्न (मोटे अनाज) की खेती को भी बढ़ावा दे रही है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अंबिकापुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में इन फैसलों और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कलेक्टर अजीत वसंत और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

गन्ने की खरीद दर में 70 रुपये की बढ़ोतरी
गन्ना किसानों को राहत देते हुए राज्य सरकार ने गन्ने की खरीद दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दी है। इससे पहले पिछले आठ वर्षों से गन्ने की दर 355 रुपये प्रति क्विंटल थी। केंद्र सरकार गन्ने के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) तय करती है। वहीं, राज्य सरकार की घोषित खरीद दर और केंद्र की एफआरपी के बीच जो अंतर होता है, उसकी राशि किसानों को गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाती है।

सरकार ने बढ़ी हुई दर का लाभ पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने पर भी देने का फैसला किया है। प्रदेश के चार शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को गन्ने की रिकवरी के आधार पर अलग-अलग दरों से भुगतान किया जा रहा है।

कारखाने के अनुसार गन्ने की खरीद दर
  • कवर्धा: 488.67 रुपये प्रति क्विंटल
  • पंडरिया: 455.10 रुपये प्रति क्विंटल
  • बालोद: 432.62 रुपये प्रति क्विंटल
  • सूरजपुर: 425 रुपये प्रति क्विंटल

विज्ञापन
विज्ञापन