विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Chhattisgarh Farmers Get Major Boost 13 839 Per Acre For Paddy 15 000 For Second Crops

छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी सौगात : धान पर ₹13839 प्रति एकड़ मदद, दूसरी फसल पर मिलेंगे ₹15 हजार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 14 Nov 2026 04:42 PM IST
सार

छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के लिए कई घोषणाएं की हैं। धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल होगी और दूसरी फसल उगाने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन मिलेगा।

धान की फसल की कटाई
धान की फसल की कटाई - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के किसानों के लिए कई बड़े फैसले किए हैं। सरकार धान की सरकारी खरीद 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करेगी। इसके लिए प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। वहीं, कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी।

खास बात यह है कि धान की जगह दूसरी फसल उगाने वाले किसानों को अब 11 हजार की जगह 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन मिलेगा। कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने 13 नवंबर को नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन फैसलों की जानकारी दी।

कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी प्रोत्साहन राशि
सरकार ने किसानों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत खेत के रकबे के हिसाब से तय मात्रा से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यानी कम धान बेचने पर किसान की प्रोत्साहन राशि नहीं काटी जाएगी।

15 दिसंबर से शुरू होगी मिलेट्स की सरकारी खरीद
छत्तीसगढ़ में 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक मिलेट्स की सरकारी खरीद की जाएगी। इसके तहत मार्कफेड के माध्यम से रागी की खरीद केंद्र सरकार की ओर से तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर होगी। वहीं, कोदो और कुटकी की खरीद राज्य सरकार की ओर से तय दरों पर की जाएगी। इस फैसले का उद्देश्य किसानों को मोटे अनाज की खेती के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी उपज को सरकारी खरीद की सुविधा उपलब्ध कराना है।

दूसरी फसल उगाने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़
सरकार ने धान की खेती का रकबा कम करके दूसरी फसलें उगाने वाले किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ा दी है। पहले ऐसे किसानों को 11 हजार रुपये प्रति एकड़ दिए जाते थे, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है।

इसके अलावा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे किसानों को धान के अलावा दूसरी फसलों की खेती अपनाने में आर्थिक मदद मिलेगी। साथ ही फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

अरहर, उड़द और सोयाबीन के लिए तय हुए भाव
सरकार ने किसानों की प्रमुख दलहन और तिलहन फसलों के लिए खरीद दरें तय की हैं। इसके तहत अरहर की कीमत 8,450 रुपये और उड़द की 8,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। वहीं, सोयाबीन की खरीद 5,708 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। सरकार के इस फैसले से इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार के इन फैसलों का उद्देश्य किसानों को धान के साथ दूसरी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना, मिलेट्स का उत्पादन बढ़ाना और किसानों की आमदनी को मजबूत करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन