विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Chhattisgarh Farmers Arrive Paddy Selling Centres Special Arrangements Made Tokens Weighing Payment

छत्तीसगढ़ : धान बेचने केंद्रों पर पहुंचे किसान, टोकन से लेकर तौल और भुगतान तक की गई खास व्यवस्था

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 16 Nov 2026 12:24 PM IST
सार

छत्तीसगढ़ में धान की सरकारी खरीदी शुरू हो गई है। पहले दिन 94 केंद्रों पर 224 किसानों को 9,160 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन मिले। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ इनपुट सहायता भी मिलेगी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ में सोमवार से धान की सरकारी खरीदी शुरू हो गई। किसान सुबह से ही सहकारी समितियों के खरीदी केंद्रों पर धान बेचने पहुंचने लगे। इस बार खरीदी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटों से तौल की व्यवस्था की गई है। साथ ही गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। किसानों के बैठने, पीने के पानी और धान को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल की व्यवस्था भी की गई है।

प्रशासन का दावा है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार खरीदी की तैयारियां बेहतर हैं। कई किसानों ने भी सही तौल और सरकार की ओर से मिलने वाले बोनस की सराहना की। हालांकि, कुछ केंद्रों पर अव्यवस्थाओं की शिकायतें भी सामने आई हैं। एक समिति के किसानों ने बताया कि उन्हें दिए गए धान के बोरे फटे हुए हैं। इससे धान बाहर निकल रहा है। किसानों को बोरों के छेद में पुआल भरकर काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से नए बोरे उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, अर्नब तूफान से फसलों को हुए नुकसान ने भी किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

महासमुंद में पूजा-पाठ के साथ शुरू हुई धान खरीदी
महासमुंद जिले के झालखमरिया खरीदी केंद्र में तराजू की पूजा और किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करने के बाद धान खरीदी शुरू की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू और समिति अध्यक्ष श्याम सकरकर मौजूद रहे। लभरा गांव के किसान विमल ध्रुव ने 200 बोरी और पतेरापाली के चेतन चंद्राकर ने 138 बोरी धान बेचा। दोनों किसानों ने टोकन व्यवस्था और खरीदी केंद्र के कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।

इस मौके पर अनुपमा आनंद ने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से इनपुट सहायता दी जाएगी।

पहले दिन 224 किसानों ने बेचा 9,160 क्विंटल धान
कांकेर जिले के सभी खरीदी केंद्रों पर पारंपरिक पूजा-पाठ के साथ धान खरीदी शुरू हुई। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि, पटेल और आदिवासी समाज के गायता मौजूद रहे। पहले दिन जिले के 94 खरीदी केंद्रों पर 224 किसानों को धान बेचने के लिए टोकन जारी किए गए। इन किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कुल 9,160 क्विंटल धान खरीदा जाना था। अल्बेलापारा के किसान आनंद राम साहू ने तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त किया और अलनियापारा-कोड़ाभाट केंद्र पर अपना धान बेचा।

बिलासपुर में 1.36 लाख किसानों से होगी धान खरीदी
बिलासपुर जिले में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सेंदरी खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों के धान की तौल भी देखी और खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। जिले में 154 खरीदी केंद्रों के माध्यम से 1.36 लाख पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। खरीदी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। वहीं, बिचौलियों और गड़बड़ी रोकने के लिए उड़नदस्ते भी तैनात किए जाएंगे। प्रशासन के मुताबिक, किसानों का आधार सीडिंग का काम पूरा हो चुका है। धान बिक्री के बाद किसानों के खाते में उसी दिन भुगतान भेजने की व्यवस्था की गई है।

बेमेतरा में किसानों का शॉल ओढ़ाकर किया स्वागत
बेमेतरा जिले में भी मोहतर और बिलई खरीदी केंद्रों पर पारंपरिक पूजा के साथ धान खरीदी शुरू हुई। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने खरीदी प्रक्रिया का उद्घाटन किया और किसानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

उन्होंने केंद्र प्रभारियों से तौल, खरीदी और भुगतान की व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि धान बेचने के दौरान किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन