Home›Khabar Junction›
Car Will Run On Farmers Crops 100 Ethanol Powered Car To Be Launched In October Nitin Gadkari
किसानों की फसल से दौड़ेगी गाड़ी! : 100% इथेनॉल से चलने वाली कार अक्टूबर में होगी लॉन्च- गडकरी
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 26 Sep 2026 01:37 PM IST
सार
अक्टूबर में 100% इथेनॉल से चलने वाली टोयोटा इनोवा फ्लेक्स-फ्यूल कार लॉन्च होगी। नितिन गडकरी के मुताबिक, इसका चलने का खर्च करीब 25 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल वाली कार के बराबर हो सकता है।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी
- फोटो : सोशल मीडिया
पेट्रोल के विकल्प के तौर पर भारत में जल्द ही 100 फीसदी इथेनॉल से चलने वाली कार लॉन्च होने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि टोयोटा की इनोवा फ्लेक्स-फ्यूल कार अक्टूबर में लॉन्च की जाएगी। यह कार पेट्रोल की जगह पूरी तरह इथेनॉल से भी चल सकेगी।
गडकरी के मुताबिक, इस कार को चलाने का खर्च करीब उतना ही होगा, जितना 25 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत पर पेट्रोल कार चलाने में आता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार चलते समय करीब 60 फीसदी बिजली पैदा कर सकेगी।
E20 नीति पर उठे सवालों के बीच आया बयान
गडकरी ने सरकार की E20 नीति को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए ये बातें कहीं। E20 पेट्रोल में 20 फीसदी तक इथेनॉल मिलाने वाला ईंधन है। इस नीति को लेकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया और संसद में गाड़ियों के माइलेज, इंजन की सेहत और रखरखाव के खर्च को लेकर सवाल उठाए हैं। गडकरी ने कहा कि दुनिया के 19 देशों में इथेनॉल का इस्तेमाल हो रहा है और भारत में वाहनों को लेकर किसी तरह की बड़ी शिकायत सामने नहीं आई है।
सरकार का भी कहना है कि वाहन कंपनियों, ऑटोमोबाइल संगठनों या उपभोक्ता समूहों से E20 के कारण माइलेज, इंजन या रखरखाव पर बड़े स्तर पर शिकायतें नहीं मिली हैं। सरकार ने इसके समर्थन में इंजन की मजबूती और अलग-अलग सामग्री की इथेनॉल के साथ अनुकूलता से जुड़े प्रयोगशाला परीक्षण और फील्ड ट्रायल का हवाला दिया है।
भारत में बढ़ रहा फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का इस्तेमाल
टोयोटा की इनोवा से पहले भी भारत में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की शुरुआत हो चुकी है। जून में मारुति सुजुकी ने भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल यात्री कार लॉन्च करने की जानकारी दी थी। फ्लेक्स-फ्यूल वाहन पेट्रोल और इथेनॉल के अलग-अलग मिश्रण से चल सकते हैं। इनमें E20 से लेकर 100 फीसदी इथेनॉल तक का इस्तेमाल किया जा सकता है।
किसानों के लिए भी बढ़ सकती है कमाई
गडकरी लंबे समय से पेट्रोल-डीजल के विकल्प के तौर पर इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देने की बात करते रहे हैं। वह इथेनॉल को किसानों की आय बढ़ाने के एक माध्यम के तौर पर भी देखते हैं। एक अन्य कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि इथेनॉल उत्पादन बढ़ने से किसान ‘ऊर्जा प्रदाता’ बन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एथेनॉल उद्योग में मांग बढ़ने से मक्का जैसी फसलों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।