विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Black Soldier Fly Technology Organic Waste Will Be Used To Make Nutritious Fish Food

Black Soldier Fly Technology: जैविक कचरे से बनेगा मछलियों का पौष्टिक आहार, घटेगी किसानों की लागत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 11 Nov 2026 09:05 AM IST
सार

जैविक कचरे से ब्लैक सोल्जर फ्लाई तकनीक के जरिए मछलियों का प्रोटीनयुक्त आहार तैयार किया जाएगा। इससे मछली पालन की लागत और फिशमील पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

घरों, बाजारों और अन्य जगहों से निकलने वाला जैविक कचरा अब मछली पालन के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इस कचरे से प्रोटीन से भरपूर मछली आहार तैयार किया जा सकता है। इससे मछली पालन में इस्तेमाल होने वाले महंगे फिशमील (मछली से बना चारा) पर निर्भरता कम होगी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की सहायक महानिदेशक देविका पिल्लई ने यह बात कही।

वह मंगलवार को ICAR-केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान (CMFRI) में ब्लैक सोल्जर फ्लाई (BSF) आधारित मछली आहार तकनीक पर आयोजित विंटर स्कूल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रही थीं।

देविका पिल्लई ने कहा कि कचरे से प्रोटीन बनाने की यह तकनीक मछली पालन से जुड़ी दो बड़ी समस्याओं का समाधान कर सकती है। पहली, मछली आहार की बढ़ती लागत और दूसरी, जैविक कचरे के निपटान की समस्या।

ब्लैक सोल्जर फ्लाई से तैयार होगा प्रोटीनयुक्त आहार
उन्होंने बताया कि ब्लैक सोल्जर फ्लाई (BSF) का लार्वा यानी शुरुआती अवस्था का कीट जैविक कचरे को प्रोटीन से भरपूर पदार्थ में बदल सकता है। इसका इस्तेमाल मछलियों के आहार में किया जा सकता है। इससे मछली पालन के लिए एक टिकाऊ और सस्ता विकल्प तैयार हो सकता है।

उन्होंने कहा कि मछली पालन क्षेत्र में पारंपरिक आहार सामग्री, खासकर फिशमील की उपलब्धता सीमित हो रही है। इसके साथ ही इसकी कीमतें भी बढ़ रही हैं। ऐसे में वैकल्पिक आहार सामग्री विकसित करना जरूरी है।

हर दिन निकलता है 1.90 लाख टन तक कचरा
देविका पिल्लई के मुताबिक, भारत में हर दिन करीब 1.71 लाख से 1.90 लाख टन नगर निकायों का ठोस कचरा निकलता है। इसमें 50 से 60 फीसदी हिस्सा जैविक कचरे का होता है। इस कचरे को कीट आधारित तकनीक से प्रोटीन में बदलकर उपयोगी बनाया जा सकता है।

इससे कचरा प्रबंधन के साथ-साथ खाद्य उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह व्यवस्था सर्कुलर बायोइकोनॉमी को मजबूत कर सकती है, जिसमें बेकार समझे जाने वाले संसाधनों का दोबारा उपयोग किया जाता है।

मछली आहार के लिए दूसरे विकल्पों पर भी जोर
उन्होंने कहा कि मछली आहार तैयार करने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल बढ़ाना चाहिए। इनमें कीट, माइक्रोएल्गी, समुद्री शैवाल, जलीय पौधे, किण्वित उत्पाद और फल-सब्जियों के प्रसंस्करण से निकलने वाला कचरा शामिल है।

CMFRI की पेटेंट प्राप्त BSF लार्वा तकनीक जैविक कचरे को प्रोटीन और वसा से भरपूर बायोमास में बदलने का काम करती है। संस्थान की इस तकनीक का इस्तेमाल करके चार स्टार्टअप बड़े स्तर पर मछली आहार का व्यावसायिक उत्पादन कर रहे हैं।

21 दिनों तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
CMFRI के निदेशक ग्रिन्सन जॉर्ज ने कहा कि दुनियाभर में मछली और अन्य जलीय खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में BSF तकनीक के जरिए मछली आहार तैयार करने की नई विधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। इससे मछली उत्पादन बढ़ाने और टिकाऊ मछली पालन को प्रोत्साहन मिलेगा। ICAR के सहयोग से आयोजित यह 21 दिवसीय विंटर स्कूल संस्थान के मरीन बायोटेक्नोलॉजी, फिश न्यूट्रिशन एंड हेल्थ डिवीजन की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन