विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Biggest Slowdown In Paddy Procurement In 6 Years Only 18 Thousand Tonnes In Up Punjab Took Command The Cond

धान खरीद में 6 साल की सबसे बड़ी सुस्ती : UP में सिर्फ 18 हजार टन, पंजाब ने संभाली कमान; सभी राज्यों का हाल...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 02 Nov 2026 06:25 PM IST
सार

  • खरीफ सीजन 2026-27 में धान की सरकारी खरीद 45% घटी।
  • 14 से 31 अक्टूबर के बीच सिर्फ 78.89 लाख टन खरीद।
  • छह साल में इस अवधि की सबसे कम सरकारी खरीद।
  • पंजाब से सबसे ज्यादा 80.89 लाख टन धान खरीदा गया।
  • यूपी में अब तक सिर्फ 18,901 टन धान की खरीद।

धान की धीमी खरीद।
धान की धीमी खरीद। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खरीफ सीजन में धान की सरकारी खरीद सुस्त रफ्तार से चल रही है। उपभोक्ता मामले और खाद्य मंत्रालय के सेंट्रल फूड प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर के दूसरे हिस्से (14 से 31 अक्टूबर, 2026) के दौरान केवल 78.89 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। यह पिछले कम से कम छह सालों में इस अवधि के दौरान हुई सबसे कम खरीद है।

पिछले साल के मुकाबले भारी गिरावट
सरकारी आंकड़ों की तुलना करने पर पता चलता है कि इस साल की खरीद पिछले साल की इसी अवधि में हुई खरीद का मात्र 55.44 प्रतिशत है। पिछले साल 2025 में 14 से 31 अक्टूबर के बीच 142.28 लाख टन धान खरीदा गया था। इसका सीधा मतलब है कि इस साल खरीद में लगभग 45 प्रतिशत की कमी आई है। इसके अलावा, साल 2021-22 से 2025-26 तक के पांच वर्षों में इसी समय के दौरान औसतन 127.70 लाख टन धान खरीदा गया था। इस औसत के मुकाबले भी इस साल सिर्फ 61.77 प्रतिशत खरीद ही हो पाई है।

एक सितंबर 2026 को खरीफ मार्केटिंग सीजन शुरू होने के बाद से अब तक कुल 116.46 लाख टन धान खरीदा जा चुका है। गौरतलब है कि पिछले पूरे सीजन (2025-26) में कुल 810.73 लाख टन की खरीद हुई थी। आमतौर पर धान की खरीद जनवरी-फरवरी महीने तक चलती है। इस साल अब तक की खरीद मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा तक ही सीमित रही है। इस धीमी गति से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि सूखे की स्थिति के कारण इस सीजन की कुल खरीद पिछले साल के मुकाबले काफी कम रह सकती है।

खरीद में पंजाब सबसे आगे
सरकार के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 80.89 लाख टन धान पंजाब से खरीदा गया है। राज्य में एक अक्टूबर से खरीद शुरू हुई थी और पूरे सीजन के लिए 180 लाख टन का लक्ष्य रखा गया है। हरियाणा में 29 सितंबर से शुरू हुई खरीद के तहत अब तक 30.77 लाख टन धान खरीदा जा चुका है, जबकि वहां 58 लाख टन का लक्ष्य है। तमिलनाडु 4.30 लाख टन खरीद के साथ तीसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश में अब तक 18,901 टन धान की खरीद हुई है और वहां सरकार ने 65 लाख टन का लक्ष्य रखा है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 15 अक्टूबर तो कुछ में 1 नवंबर से खरीद शुरू की गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में अब तक 16,581 टन धान खरीदा गया है।

पिछले सीजन में किन राज्यों में हुई थी सबसे ज्यादा खरीद
अगर पिछले सीजन (2025-26) की बात करें, तो पंजाब ने 156.50 लाख टन धान की खरीद के साथ पहला स्थान हासिल किया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 141.04 लाख टन, ओडिशा में 77.48 लाख टन, तेलंगाना में 71.86 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 62.30 लाख टन, हरियाणा में 62.12 लाख टन और मध्य प्रदेश में 51.71 लाख टन धान की सरकारी खरीद हुई थी।


विज्ञापन
विज्ञापन