बांदा में किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराने में लापरवाही पर अब कार्रवाई होगी। ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद भी किसानों को बीज के लिए चक्कर लगवाना गंभीर मामला है। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने नरैनी में खाद वितरण केंद्र और राजकीय बीज भंडार का औचक निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
आयुक्त ने डीआईजी राजेश एस के साथ नरैनी थाने में आयोजित समाधान दिवस में भी हिस्सा लिया। यहां उन्होंने लोगों की पांच शिकायतें सुनीं और सभी का मौके पर निस्तारण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से जांच कर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। इसके बाद आयुक्त ने नरैनी क्रय-विक्रय सहकारी समिति के खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण किया।
डीएपी और यूरिया की कमी जल्द दूर करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर डीएपी और यूरिया की केवल 10 से 15 बोरियां ही उपलब्ध मिलीं। केंद्र प्रभारी ने बताया कि मांग के मुकाबले खाद की आपूर्ति कम है। इसकी मांग उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। हालांकि, केंद्र पर एनपीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थी।
मौके पर मौजूद किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था पर संतोष जताया। इस पर आयुक्त ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिए कि केंद्र पर जल्द से जल्द डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने केंद्र पर खाद का स्टॉक और बिक्री की निर्धारित दरें प्रदर्शित करने को भी कहा। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक कीमत वसूलने और खाद के साथ जबरन दूसरी सामग्री देने जैसी शिकायतों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा बीज
इसके बाद आयुक्त ने राजकीय बीज भंडार का निरीक्षण किया। यहां किसानों ने शिकायत की कि ऑनलाइन बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय पर बीज नहीं मिल रहा है। सर्वर काम नहीं करने का हवाला देकर कर्मचारियों की ओर से उन्हें बार-बार वापस भेज दिया जाता है।
इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और बीज गोदाम प्रभारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वर या अन्य तकनीकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाए। तकनीकी दिक्कत को किसानों को परेशान करने का बहाना न बनाया जाए।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बीज भंडार पर उपलब्ध स्टॉक और बीज वितरण की स्थिति भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सही जानकारी मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।