विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Ban On Fake Seeds In Haryana New System Started What Will Happen With Bar Code Tags On Crop Seed Bags

हरियाणा में नकली बीज पर रोक : शुरू हुई नई व्यवस्था, बीज के थैलों पर बार कोड टैग से क्या होगा?

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Himanshu Mishra Updated Tue, 13 May 2025 08:23 PM IST
सार

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने बताया कि हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी की तरफ से पंजीकृत बीज उत्पादकों को उनके प्रमाणित बीज के आगे बेचने के लिए अपनी सेवाएं प्रदान की जाती हैं। यह बीज भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत उत्पादित किया जाता है।

खेत में धान का बीज डालते हुए किसान
खेत में धान का बीज डालते हुए किसान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा (Haryana) में नकली बीज पर पूरी तरह से रोक लगाने की दिशा में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। यह फैसला प्रदेश के किसानों व बागवानों के हित में भी है। प्रदेश में बिकने वाले बीज के थैलों पर बार कोड टैग लगेगा। इस संबंध में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि अब फसलों के बीज के थैलों पर बार कोड टैग लगाया जाएगा। इस बार कोड को स्कैन करके बीज के निर्माता से लेकर वजन, किस्म (प्रजाति) आदि के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। सरकार का यह महत्वपूर्ण कदम है और इससे नकली बीज पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकेगी।

मंत्री राणा ने बताया कि मंगलवार को विभाग की हाई पावर परचेज कमेटी में इस बार कोड टैग की खरीद के लिए एक कंपनी को टेंडर देने की स्वीकृति दी गई है। कमेटी में उनके अलावा शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू, निदेशक राजनारायण कौशिक, हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी के निदेशक डॉ. कुलदीप डबास भी उपस्थित थे।

कृषि मंत्री ने क्या कहा?
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने बताया कि हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी की तरफ से पंजीकृत बीज उत्पादकों को उनके प्रमाणित बीज के आगे बेचने के लिए अपनी सेवाएं प्रदान की जाती हैं। यह बीज भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत उत्पादित किया जाता है। पूरी प्रक्रिया से गुजरने के बाद उत्पादित बीज को बिक्री के लिए पैक किया जाता है। इस बीज को पैक करते समय उक्त एजेंसी द्वारा जारी एक टैग को बैग पर सिलना होता है। टैग पर बीज से संबंधित पूरी जानकारी दर्ज की जाती है। उन्होंने बताया कि अभी तक इन टैग को प्रिंट किया जा रहा है और जानकारी को मैन्युअल रूप से दर्ज किया जा रहा है और बीज बैग के साथ सिला जा रहा है।

श्याम सिंह राणा ने कहा कि हाल ही में भारत सरकार ने केंद्रीकृत साथी (बीज प्रमाणीकरण, पता लगाने की क्षमता और समग्र सूची) पोर्टल शुरू किया है, जिसमें बीज प्रमाणीकरण की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन स्वचालित किया गया है। हरियाणा सरकार ने इस दिशा में कदम उठाते हुए पारंपरिक टैग को ऑनलाइन बारकोड टैग से बदला जाना है जिसमें "साथी" पोर्टल के माध्यम से टैग पर पूरी जानकारी दर्ज की जाएगी। इस टैग पर दिए गए बारकोड में बैग में मौजूद बीज की पूरी जानकारी होगी। हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी की तरफ से बीज उत्पादकों को ये टैग उपलब्ध करवाए जाएंगे।

मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। नकली बीज बेचने पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने सख्त कानून भी बनाया है, जिसमें दोषी पाए जाने वाले बीज निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ जुर्माने और सजा का प्रावधान किया गया है। अब फसलों के बीज के थैलों पर बार कोड टैग लगाए जाने से नकली बीज पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
 
विज्ञापन
विज्ञापन