विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Avni Grow With Nature Iit Ropar Launches Ai App Digital Platform To Connect Children With Farming

AVNI - Grow with Nature: IIT रोपड़ ने लॉन्च किया AI एप, बच्चों को खेती से जोड़ेगा डिजिटल प्लेटफॉर्म

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 07 Oct 2026 04:13 PM IST
सार

IIT रोपड़ का ‘AVNI - Grow with Nature’ प्लेटफॉर्म AI की मदद से बच्चों को पौधों, फसलों, फल-सब्जियों और अनाज की पहचान और उनके बारे में जानकारी देगा। यह हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है और इसमें डेली चैलेंज, नेचर बुक, नेचर गैलरी और क्रॉप कंपेयर जैसे फीचर भी हैं।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बच्चों को पौधों, फसलों और भोजन के बारे में आसान तरीके से सिखाने के लिए आईआईटी रोपड़ ने ‘AVNI - Grow with Nature’ नाम से डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इसे आईआईटी रोपड़ के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एआई फॉर डिजिटल एग्रीकल्चर, ANNAM.AI ने तैयार किया है।

यह प्लेटफॉर्म वेबसाइट और मोबाइल एप के रूप में उपलब्ध है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के साथ बच्चों के लिए गतिविधियां भी शामिल की गई हैं। बच्चा अपने आसपास किसी पौधे, फल या फसल को देखकर ऐप की मदद से उसकी पहचान कर सकता है और उसके बारे में जानकारी हासिल कर सकता है।

पौधे से लेकर अनाज और मिलेट्स तक की जानकारी
AVNI पर बच्चे फल, सब्जियां, मसाले, अनाज, मोटे अनाज (मिलेट्स) और दूसरी फसलों के बारे में सीख सकते हैं। इसका मकसद बच्चों को रोजमर्रा की जिंदगी में दिखाई देने वाली चीजों से खेती और भोजन के बारे में जोड़ना है।

मसलन, घर में रखा कोई फल, स्कूल के बगीचे में लगा पौधा या आसपास के खेत में उग रही फसल बच्चे के लिए सीखने का जरिया बन सकती है। ऐप AI की मदद से उस पौधे या फसल की पहचान करने में मदद करता है।

हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध
आईआईटी रोपड़ के मुताबिक, यह प्लेटफॉर्म हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। छोटे बच्चों के लिए इसमें ऑडियो कंटेंट भी दिया गया है। प्लेटफॉर्म में डेली चैलेंज, डिजिटल नेचर बुक, नेचर गैलरी और क्रॉप कंपेयर जैसे फीचर हैं। इनके जरिए बच्चे अपनी सीख को दर्ज कर सकते हैं, अलग-अलग पौधों को देख-समझ सकते हैं और विभिन्न फसलों की तुलना भी कर सकते हैं।

किताबों से आगे, आसपास की चीजों से सीखेंगे बच्चे
AVNI का उद्देश्य बच्चों को खेती के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें देखकर और समझकर सीखने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसमें बच्चों को सिर्फ जानकारी पढ़ने के बजाय अपने आसपास के पौधों और फसलों को पहचानने का मौका मिलता है।

आईआईटी रोपड़ के अनुसार, बच्चों को कृषि की औपचारिक पढ़ाई शुरू करने से पहले ही खेती और भोजन की बुनियादी समझ देना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। इससे बच्चे यह समझ सकेंगे कि उनके खाने की चीजें कहां से आती हैं और उन्हें उगाने में खेती की क्या भूमिका है।

AI और खेती की जानकारी को जोड़ा
AVNI को ANNAM.AI, IIT रोपड़ के को-प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. मुकेश सैनी की टीम ने विकसित किया है। यह पहल कृषि और शिक्षा में AI के इस्तेमाल पर ANNAM.AI के काम का हिस्सा है। संस्थान के मुताबिक, यह प्लेटफॉर्म मुफ्त, विज्ञापन रहित और बच्चों की निजता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका डिजाइन बच्चों के लिए सुरक्षित और उनकी उम्र के हिसाब से सीखने में मदद करने वाला है।

ANNAM.AI भारतीय कृषि के लिए AI आधारित डिजिटल सुविधाओं पर काम कर रहा है। AVNI के जरिए इसी तकनीक को शिक्षा से जोड़ा गया है, ताकि बच्चे अपने आसपास की प्रकृति को देखकर खेती, पौधों और भोजन के बारे में सीख सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन