विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Assam To Set Up Rs 12 5 Crore Palm Oil Research Centre

असम : कोकराझार जिले में 12.5 करोड़ रुपये से बनेगा पाम ऑयल अनुसंधान केंद्र, नर्सरी भी होगी स्थापित

गांव जंक्शन डेस्क, गुवाहाटी Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 16 Nov 2026 08:59 PM IST
सार

असम के कोकराझार जिले में पाम ऑयल की खेती और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए 12.5 करोड़ रुपये की लागत से अनुसंधान केंद्र और नर्सरी स्थापित की जाएगी। अगले साल से किसानों को सब्सिडी पर सोलर पंप भी दिए जाएंगे।

ऑयल पाम की खेती
ऑयल पाम की खेती - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने सोमवार को कोकराझार जिले के गोसाईगांव में 12.5 करोड़ रुपये की लागत वाले पाम ऑयल अनुसंधान केंद्र की आधारशिला रखी। इस मौके पर बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य हाग्रामा मोहिलारी भी मौजूद रहे।

किसानों को मिलेंगे सोलर पंप और कृषि उपकरण
हजारिका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खाद्य तेल उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए देशभर में पाम ऑयल की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह अनुसंधान एवं विकास केंद्र असम कृषि विश्वविद्यालय और गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड की संयुक्त परियोजना है। गोदरेज एग्रोवेट इसमें 12.5 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। 

मंत्री ने किसानों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने संबंधी कथित भ्रामक प्रचार पर ध्यान न देने और अधिक आय के लिए पाम ऑयल की खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अगले साल से पाम ऑयल उत्पादक किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, पौधे और कृषि मशीनरी के साथ सब्सिडी वाले सोलर पंप भी दिए जाएंगे।

बाद में चिरांग में कृषि और सिंचाई विभागों की समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि जिले में किसान पंजीकरण की दर 35 प्रतिशत है। उन्होंने अधिकारियों को भूमि नामांतरण और पुश्तैनी स्वामित्व से जुड़ी समस्याएं दूर करने के निर्देश दिए, ताकि छठी अनुसूची वाले क्षेत्रों के पात्र किसानों को पीएम-किसान, उर्वरक और धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। 

उन्होंने 15 दिनों में नई किसान उत्पादक कंपनियां गठित करने और धान किसानों को एमएसपी प्रमाणपत्र जारी करने के लिए अधिकारी नियुक्त करने को भी कहा।
विज्ञापन
विज्ञापन