Home›Khabar Junction›
Assam Farmers Registration To Pick Up Pace Target 100 Registration By January 15
असम : किसानों के रजिस्ट्रेशन में आएगी तेजी, 15 जनवरी तक 100% पंजीकरण का लक्ष्य
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 13 Nov 2026 06:44 PM IST
सार
धेमाजी जिले में अभी तक 83 फीसदी किसानों का हुआ रजिस्ट्रेशन, कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने अधिकारियों को दिए निर्देश; मखाना, तेल पाम और एकीकृत खेती को भी मिलेगा बढ़ावा।
असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने धेमाजी जिले में 15 जनवरी तक सभी पात्र किसानों का रजिस्ट्रेशन पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जिले में अभी तक 83 फीसदी किसानों का ही पंजीकरण हुआ है। मंत्री ने कृषि योजनाओं की समीक्षा के साथ आधुनिक और विविध खेती के मॉडल का भी जायजा लिया। कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने गुरुवार को धेमाजी जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेती से जुड़ी कई परियोजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक तय लक्ष्य के मुकाबले 83 फीसदी किसानों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। इस पर मंत्री ने बाकी पात्र किसानों का पंजीकरण जल्द पूरा करने और 15 जनवरी तक 100 फीसदी लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।
एक ही खेत में कई तरह की खेती का मॉडल देखा
दौरे की शुरुआत मंत्री ने अरनाई चापोरी गांव से की। यहां उन्होंने प्रगतिशील किसान भुवन पेगू के 22 बीघा खेत का निरीक्षण किया। इस खेत में सुपारी, टमाटर, पपीता और अनानास की खेती की जा रही है। इसके साथ ही टैंक बनाकर मछली पालन भी किया जा रहा है। इस तरह एक ही खेत में कई तरह की गतिविधियों को जोड़कर खेती की जा रही है।
इसके बाद मंत्री ने डेमो गांव में सनई (सन हेम्प) की खेती देखी। उन्होंने कहा कि इस फसल से मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और हरी खाद तैयार करने में मदद मिल सकती है। हरी खाद के इस्तेमाल से खेत की मिट्टी की सेहत बेहतर बनाई जा सकती है।
मंत्री ने दीपा इलाके में किसानों बामुन इस्लारी और दिलीप बोरो के तेल पाम और कई फसलों वाली बागवानी परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर खेती में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
किसान उत्पादक कंपनियां बनाने पर जोर
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मंत्री ने किसानों के हित में कई निर्देश दिए। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा किसान उत्पादक कंपनियां (FPC) बनाने पर जोर दिया। साथ ही गांवों में नियमित रूप से 'खेत बचाओ' जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा, ताकि किसानों को खेती से जुड़ी जरूरी जानकारी मिल सके।
उन्होंने तेल पाम की खेती का लक्ष्य पूरा करने के लिए जरूरी जमीन की पहचान का काम तेजी से करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि और मत्स्य पालन विभाग को मिलकर बैठक करने को कहा।
कृषि कारोबारियों की समस्याएं दूर करने के निर्देश
पीयूष हजारिका ने कृषि अवसंरचना कोष (AIF) के तहत मदद लेने वाले स्थानीय कृषि उद्यमियों की समस्याओं को दूर करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने में आ रही रुकावटों को जल्द दूर किया जाए। कार्यक्रम के दौरान कई किसानों को धान खरीद से जुड़े प्रमाणपत्र भी दिए गए। इस दौरे में कैबिनेट मंत्री रानोज पेगू, सांसद प्रदान बरुआ और विधायक भुवन पेगू व जीवन गोगोई भी मौजूद रहे।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।