विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Assam Agarwood Will Gain Access Abroad Export Of Oil And Wood Approved From Guwahati Airport

असम के अगरवुड की विदेशों में बढ़ेगी पहुंच : गुवाहाटी एयरपोर्ट से तेल और लकड़ी के निर्यात को मिली मंजूरी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 31 Oct 2026 04:38 PM IST
सार

केंद्र सरकार ने गुवाहाटी एयरपोर्ट से असम के अगरवुड तेल और लकड़ी के टुकड़ों के निर्यात को मंजूरी दी है। इससे किसानों, उत्पादकों और निर्यातकों को विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

अगरवुड के पेड़
अगरवुड के पेड़ - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

असम के खास सुगंधित अगरवुड (अगर की लकड़ी) और उससे बने उत्पादों को विदेश भेजना अब आसान होगा। केंद्र सरकार ने गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अगरवुड तेल और लकड़ी के टुकड़ों के निर्यात की अनुमति दे दी है। इससे असम के किसानों, उत्पादकों और निर्यातकों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके तहत गुवाहाटी एयरपोर्ट से अगरवुड तेल, लकड़ी के टुकड़ों और उनसे जुड़े अन्य उत्पादों का निर्यात किया जा सकेगा। हालांकि, निर्यात के लिए सभी जरूरी सरकारी नियमों और कानूनी शर्तों का पालन करना होगा।

क्या है अगरवुड और क्यों है इसकी मांग?
अगरवुड एक खास किस्म की सुगंधित लकड़ी है। यह एशिया के कुछ सदाबहार पेड़ों के अंदर बनती है। जब पेड़ को किसी तरह का नुकसान या संक्रमण होता है, तो वह अपनी सुरक्षा के लिए गहरे रंग का गाढ़ा रेजिन (राल) बनाता है। समय के साथ यह राल लकड़ी को खास सुगंध देता है। इसी वजह से अगरवुड की बाजार में काफी कीमत होती है।

अगरवुड के छोटे टुकड़ों को जलाकर धूप और खुशबू के लिए इस्तेमाल किया जाता है। वहीं, इससे निकाले गए तेल का उपयोग महंगे इत्र, सौंदर्य प्रसाधन और पारंपरिक चिकित्सा में किया जाता है। असम को भारत की ‘अगरवुड राजधानी’ भी कहा जाता है।

मध्य पूर्व के बाजार में सबसे ज्यादा मांग
अगरवुड के लिए मध्य पूर्व एक बड़ा बाजार है। इसके अलावा ताइवान, हांगकांग, चीन, सिंगापुर, मलेशिया और यूरोप में भी इसकी मांग है। गुवाहाटी एयरपोर्ट से निर्यात की अनुमति मिलने से कारोबारियों को उत्पाद विदेश भेजने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने गुवाहाटी एयरपोर्ट को अगरवुड के निर्यात केंद्र के रूप में मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से असम के किसानों, उत्पादकों और निर्यातकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, पूर्वोत्तर के कारोबारियों के लिए विदेशी बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन