विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Agri Exports Gulf Nations Express Concern Over Food Security Demand For Indian Basmati Rice Surges Leading

Agri Export: खाद्य सुरक्षा पर गल्फ देशों में चिंता, भारत के बासमती चावल की मांग में तेजी, धान के भाव में उछाल

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 18 Oct 2026 03:12 PM IST
सार

  • युद्ध, खाद सप्लाई चेन की बाधाओं और अब अल नीनो ने वैश्विक खाद्य बाजार पर खराब असर डाला है
  • मध्य-पूर्व के देशों में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है, जिस वजह से भारतीय बासमती की मांग में तेजी आई है
  • पंजाब के निर्यातकों के अनुसार, पूसा-1509 धान का औसत रेट पिछले साल से एक हजार रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा है

मध्य-पूर्व के देशों में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता, भारतीय बासमती की मांग में तेजी।
मध्य-पूर्व के देशों में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता, भारतीय बासमती की मांग में तेजी। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका-ईरान तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध और अब अल नीनो ने वैश्विक खाद्य बाजार पर खराब असर डाला है। दूसरी तरफ मध्य-पूर्व के देशों में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, जिसका फायदा पंजाब के बासमती निर्यातकों और किसानों को मिल रहा है। दरअसल, ये देश वर्तमान में प्रमुख खाद्य उत्पादों का भंडारण करने में जुटे हैं, जिससे भारत के बासमती चावल की मांग में तेजी से बढ़ोतरी आई है। 
 
शिपिंग का तरीका बदला, लागत में आई कमी
मौजूदा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और आपूर्ति श्रृंखला की बाधाओं से बचने के लिए अब बासमती के निर्यात के तरीके में बदलाव किया गया है। समुद्री माल ढुलाई के ऊंचे खर्च और बंदरगाहों पर होने वाली देरी से बचने के लिए बड़े आयातक और भारतीय निर्यातक अब कंटेनर शिपिंग के बजाय बल्क और ब्रेक-बल्क जहाजों का उपयोग कर रहे हैं। व्यापारिक रिपोर्टों के अनुसार, थोक में माल भेजने पर लागत 75 से 100 अमेरिकी डॉलर प्रति टन आ रही है, जो कंटेनर बुकिंग की तुलना में काफी किफायती है। सऊदी अरब, यमन और इराक जैसे प्रमुख बाजारों के लिए अब इसी माध्यम से बड़ी खेप भेजी जा रही है।

पूसा-1509 धान की कीमतों में तेजी
पंजाब के निर्यातकों का कहना है कि बासमती चावल की मांग बढ़ने से मंडियों में खरीद और भाव में तेजी आई है, जिसका असर भाव पर दिख रहा है। बीते सीजन में पूसा-1509 धान का औसत रेट लगभग तीन हजार रुपये था, जो अब बढ़कर 4 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। 
 
बाजार में अनिश्चितता के संकेत
हालांकि, जानकारों का यह भी मानना है कि कीमतों में आई यह मजबूती हमेशा बनी रहेगी, ऐसा कहना मुश्किल है। जोसन के अनुसार, यदि भू-राजनीतिक तनाव कम होता है, नई फसल की उपलब्धता बढ़ती है या समुद्री भाड़े की दरों में गिरावट आती है, तो बाजार की दिशा बदल सकती है। फिलहाल, निर्यातकों और किसानों के लिए यह दौर काफी लाभकारी बना हुआ है।


विज्ञापन
विज्ञापन