विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Agra Banks Face Lockdown Amid Rabi Sowing Season Farmers May Face Delays In Getting Fertilizers

आगरा : रबी बुवाई के बीच बैंक पर तालाबंदी का खतरा, किसानों को खाद मिलने में हो सकती है देरी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 14 Nov 2026 02:09 PM IST
सार

  • आगरा जिला सहकारी बैंक के 48 कार्यरत कर्मचारियों में से 36 को जनगणना प्रशिक्षण में लगाया गया।

  • कर्मचारियों की कमी से कई शाखाओं का कामकाज ठप होने की आशंका।

  • राजामंडी, बिचपुरी, अछनेरा, जगनेर, सैंया, शमसाबाद, बाह, पिनाहट और खंदौली शाखाएं प्रभावित।

  • बैंक से भुगतान रुकने पर सहकारी समितियों को खाद खरीदने में परेशानी हो सकती है।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के प्रशिक्षण के लिए जिला सहकारी बैंक के ज्यादातर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। इससे बैंक की 16 शाखाओं का कामकाज प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है। बैंक में कुल 92 पद स्वीकृत हैं, लेकिन फिलहाल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत सिर्फ 48 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। इनमें से 36 कर्मचारियों को जनगणना प्रशिक्षण की ड्यूटी में लगा दिया गया है। ऐसे में कई शाखाओं में कामकाज ठप होने की आशंका है।

यह स्थिति ऐसे समय बनी है, जब किसान रबी सीजन में गेहूं और आलू की बुवाई के लिए खाद और बीज जुटा रहे हैं। बैंक के माध्यम से ही जिले की सहकारी समितियों को खाद और अन्य कृषि उत्पाद खरीदने के लिए भुगतान किया जाता है। ऐसे में बैंक का कामकाज प्रभावित होने से किसानों को खाद की आपूर्ति में परेशानी हो सकती है।

16 शाखाओं में कर्मचारियों की कमी से बढ़ी परेशानी
आगरा जिला सहकारी बैंक की जिले में कुल 16 शाखाएं संचालित हैं। आमतौर पर प्रत्येक शाखा में एक शाखा प्रबंधक और एक लिपिक या कैशियर तैनात रहता है। बैंक के सुरक्षा नियमों के अनुसार, कैश-इन-सेफ की एक चाबी लिपिक या कैशियर के पास और दूसरी शाखा प्रबंधक के पास रहती है।

लेकिन प्रशासन की ओर से कई शाखाओं के दोनों प्रमुख कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना प्रशिक्षण में लगा दी गई है। राजामंडी, बिचपुरी, अछनेरा, जगनेर, सैंया, शमसाबाद, बाह, पिनाहट और खंदौली शाखाओं के सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा बैंक मुख्यालय से सचिव वरुण यादव समेत 10 कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों की कमी को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। इसमें जनगणना ड्यूटी से बैंक कर्मचारियों को मुक्त करने की मांग की गई है, ताकि शाखाओं का कामकाज जारी रह सके।

बैंक बंद हुआ तो किसानों को खाद मिलने में आ सकती है दिक्कत
जिला सहकारी बैंक की शाखाओं में ग्राहकों के रोजाना लेनदेन, जमा और सावधि जमा से जुड़े काम होते हैं। इसके अलावा बैंक जिले की सभी बी-पैक्स (सहकारी) समितियों को वित्तीय सहायता भी देता है। इन समितियों को खाद और दूसरे कृषि उत्पादों की आपूर्ति के लिए बैंक के माध्यम से आरटीजीएस किया जाता है।

नवंबर और दिसंबर में गेहूं, आलू समेत रबी फसलों की बुवाई का काम तेजी से चलता है। इस दौरान किसानों को खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। अगर बैंक शाखाओं में कर्मचारियों की कमी के कारण लेनदेन और भुगतान का काम रुकता है तो सहकारी समितियों को खाद खरीदने में परेशानी हो सकती है। इसका सीधा असर किसानों को खाद मिलने पर पड़ सकता है।

एक लाख से ज्यादा किसान खाताधारकों पर पड़ेगा असर
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी ने कहा कि जनगणना देशहित में बेहद जरूरी काम है, लेकिन सहकारी बैंक का सुचारू संचालन भी खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि फसल बुवाई के समय बैंक का कामकाज प्रभावित होने से एक लाख से अधिक किसान खाताधारकों को परेशानी हो सकती है। इसका असर बैंक और किसानों दोनों पर पड़ेगा। इसी वजह से जिलाधिकारी से कर्मचारियों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त करने का अनुरोध किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन