विज्ञापन
Home› Khabar Junction› A Strong Start To The 2027 Sugarcane Crushing Season Significant Surge In Sugar Production Raises Hopes For C

गन्ना पेराई सीजन 2027 की धमाकेदार शुरुआत : चीनी उत्पादन में भारी उछाल, बाजार में बेहतर सप्लाई की उम्मीद जगी...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 16 Nov 2026 07:17 PM IST
सार

  • देश में 15 नवंबर तक चीनी उत्पादन 55% बढ़कर 24.21 लाख मीट्रिक टन पहुंचा।
  • महाराष्ट्र में समय से पहले पेराई शुरू होने से कुल उत्पादन को मिली बढ़त।
  • इस्मा ने आगामी दिनों के दौरान बाजार में आरामदायक सप्लाई की उम्मीद जताई है।
  • देशभर में 313 चीनी मिलों ने शुरू किया पेराई सत्र।
  • गन्ने की औसत रिकवरी दर में भी सुधार दर्ज किया गया है
  • उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन पिछले साल के मुकाबले धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

चीनी उत्पादन में आई तेजी, आगामी दिनों में बाजार में सप्लाई आरामदायक होने के आसार।
चीनी उत्पादन में आई तेजी, आगामी दिनों में बाजार में सप्लाई आरामदायक होने के आसार। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में समय से पहले गन्ना पेराई शुरू होने की वजह से चालू सीजन (2026-27) के कुल चीनी उत्पादन में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है। भारतीय चीनी मिल संघ (इस्मा) के अनुसार, 15 नवंबर 2026 तक देश भर में 313 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है, जबकि पिछले साल इसी समय यह आंकड़ा 311 थीा। दूसरी तरफ राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ (एनएफसीएसएफ) पिछले साल के मुकाबले कम चीनी मिलों के चालू होने की बात कह रही है। एनएफसीएसएफ के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर तक भारत का कुल चीनी उत्पादन 55 प्रतिशत बढ़कर 24.21 लाख मीट्रिक टन हो गया है।

आगामी दिनों में बाजार में चीनी की उपलब्धता आरामदायक रहने के आसार 
इस्मा के महानिदेशक दीपक बल्लानी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 तक चीनी उत्पादन पिछले साल की इसी अवधि के 11.49 लाख टन के मुकाबले बढ़कर 23.59 लाख टन पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से महाराष्ट्र में पेराई जल्दी शुरू होने के कारण हुई है, जहां पिछले साल की 132 मिलों के मुकाबले इस साल 154 मिलों ने काम शुरू कर दिया है। बल्लानी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी पेराई धीरे-धीरे गति पकड़ रही है और आने वाले दिनों में और मिलों के शुरू होने से घरेलू खपत की जरूरतें पूरी करने के लिए बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहेगी।

कम मिलें चलने के बाद भी गन्ना पेराई और रिकवरी दर में तेजी
एनएफसीएसएफ की राज्यवार पेराई रिपोर्ट के मुताबिक, 15 नवंबर तक देश की मिलों ने 290.53 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की है, जो पिछले साल के 200.90 लाख मीट्रिक टन की तुलना में 44.61 प्रतिशत अधिक है। महासंघ के आंकड़ों के अनुसार, गन्ने से चीनी निकलने की औसत रिकवरी दर भी पिछले साल के 7.75 प्रतिशत से बढ़कर 8.33 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, इस दौरान पिछले सीजन के मुकाबले कम मिलें चल रही थीं, जिनकी संख्या पिछले साल की 342 मिलों की तुलना में 28 मिलें (8.19 प्रतिशत) घटकर 314 रही।

महाराष्ट्र में उत्पादन दोगुने से ज्यादा, UP की रफ्तार सुस्त
एनएफसीएसएफ की रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में इस बार 18.75 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ है, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 7.95 लाख मीट्रिक टन था। राज्य की 155 मिलों ने 8.65 प्रतिशत रिकवरी दर के साथ 216.76 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की, जो पिछले सीजन के 103.25 लाख मीट्रिक टन से दोगुने से भी ज्यादा है, जबकि पिछले साल इस स्तर पर 168 मिलें चल रही थीं और रिकवरी दर 7.70 प्रतिशत थी। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश पिछले साल की रफ्तार से पीछे है, जहां 75 मिलों ने 17.34 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 8.65 प्रतिशत रिकवरी पर 1.50 लाख मीट्रिक टन चीनी बनाई है, जबकि एक साल पहले 86 मिलों ने 40.00 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेरकर 8.75 प्रतिशत रिकवरी पर 3.50 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया था।

कर्नाटक और गुजरात में गिरावट, तमिलनाडु में बढ़ा उत्पादन
महासंघ के आंकड़ों के मुताबिक, कर्नाटक में 60 मिलों ने 31.43 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 7.00 प्रतिशत रिकवरी दर से 2.20 लाख मीट्रिक टन चीनी बनाई है, जबकि पिछले सीजन में 65 मिलों ने 34.51 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 2.45 लाख मीट्रिक टन चीनी बनाई थी। गुजरात की 12 मिलों ने 13.49 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 0.85 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया, जो एक साल पहले 18.31 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 1.30 लाख मीट्रिक टन था। वहीं, तमिलनाडु में 6 मिलों ने 8.24 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 0.70 लाख मीट्रिक टन चीनी बनाई, जबकि पिछले सीजन में 4 मिलों से 0.25 लाख मीट्रिक टन उत्पादन हुआ था।

अन्य प्रमुख राज्यों में पेराई की ताजा स्थिति
एनएफसीएसएफ की रिपोर्ट के अनुसार, 15 नवंबर तक तेलंगाना में 0.10 लाख मीट्रिक टन और उत्तराखंड में 0.11 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ है। वहीं, आंध्र प्रदेश, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पंजाब की चीनी मिलों में अभी पेराई शुरू नहीं हुई थी।


विज्ञापन
विज्ञापन