केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को अपने पंजाब दौरे के दौरान एलान किया कि प्रदेश के किसानों को कई कृषि योजनाओं के तहत आवंटित 254 करोड़ रुपये के स्वीकृति पत्र सौंपे जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस दौरे के दौरान वे फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन और किसानों की आय में बढ़तोरी करने जैसे अहम खेती-बाड़ी के विषयों पर पंजाब के किसानों संग संवाद करेंगे।
यूरिया की जगह खेत में ग्रीन अमोनिया का प्रदर्शन देखेंगे शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री के अनुसार, वे बदरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां कृषि क्षेत्र से जुड़े कई तकनीकी प्रदर्शन किए जाएंगे। इसमें एक प्रमुख प्रदर्शन रासायनिक यूरिया के विकल्प के रूप में 'ग्रीन अमोनिया' के उपयोग का होगा। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अगर फसलों में यूरिया के बजाय ग्रीन अमोनिया का इस्तेमाल किया जाए तो यह पैदावार के लिए अधिक लाभकारी साबित हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसका उत्पादन सौर ऊर्जा (सूर्य की ऊर्जा) के जरिए किया जा सकता है।
खेत बचाओ अभियान पर पंजाब के कृषि मंत्री संंग होती बातचीत
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि इस पूरे दौरे में पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां भी उनके साथ रहेंगे। दोनों नेता किसानों के साथ खेत बचाओ अभियान पर व्यापक चर्चा करेंगे। शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, वर्तमान में खेती में विविधीकरण लाने, पराली का वैज्ञानिक प्रबंधन करने और एकीकृत खेती (इंटीग्रेटेड फार्मिंग) के माध्यम से किसानों की आमदनी को बढ़ाने के उपायों पर किसानों के साथ सीधे सुझाव साझा किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, इसके बाद उनका कार्यक्रम लुधियाना जिले के कृषि विज्ञान केंद्र में तय है, जहां वे किसानों से संवाद करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर वे अपना श्रद्धा सुमन भी अर्पित करेंगे।
बढ़ते भूजल से प्रभावित अबोहर और फाजिल्का के किसानों से मुलाकात
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि वे अबोहर और फाजिल्का के उन क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे जहां के किसान गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन इलाकों में जमीन के नीचे पानी का स्तर बढ़ने के कारण किन्नू के बागों और दूसरी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, वे जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और 24 तारीख को स्थानीय किसानों से मिलकर उनकी परेशानियों पर चर्चा करेंगे।