भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट ने विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि में कृषि और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की भूमिका को बेहद अहम बताया और उनके योगदान की सराहना की।
केंद्रीय कृषि महिला संस्थान द्वारा आयोजित पूर्वी क्षेत्र क्षेत्रीय कृषि मेले को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए आईसीएआर के महानिदेशक ने कहा कि परिषद का मुख्य ध्यान महिला सशक्तिकरण और नवाचार पर है। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि इतने बड़े पैमाने पर और इतनी तेजी से गरीबी दूर करने का प्रयास दुनिया में कहीं और नहीं देखा गया है, जिसमें हमारी ग्रामीण व कृषक महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही है।
कठिन श्रम से निकालकर वैल्यू चेन और मार्केटिंग से जोड़ने की पहल
डॉ. एम. एल. जाट के अनुसार, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिखाया है कि महिला सशक्तिकरण की पहलों को किस तरह धरातल पर आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आईसीएआर कृषि क्षेत्र में शोध से जुड़ी कमियों की पहचान कर उन पर काम शुरू कर चुका है। परिषद का उद्देश्य महिलाओं को केवल कठिन शारीरिक श्रम तक सीमित न रखकर उन्हें नवाचार, प्रसंस्करण और विपणन (मार्केटिंग) सहित एग्री-फूड वैल्यू चेन का हिस्सा बनाना है।
ओडिशा का मिशन शक्ति महिला स्वावलंबन का जीवंत उदाहरण
आईसीएआर महानिदेशक ने कहा कि खेती, किसानी और ग्रामीण आजीविका में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा, जिसमें कौशल विकास की केंद्रीय भूमिका है। उन्होंने ओडिशा के 'मिशन शक्ति' को ऐसे सफल प्रयासों का एक जीवंत उदाहरण बताया। मेले में पड़ोसी द्वीपीय देशों की महिलाओं ने भी हिस्सा लिया, जिसे लेकर उन्होंने कहा कि अनुभवों का यह आदान-प्रदान दोनों तरफ से होना चाहिए।
जमीनी सुझावों के आधार पर तैयार होगा अनुसंधान का खाका
डॉ. जाट ने महिला किसानों से अपने अनुसंधान संबंधी सवाल सीधे आईसीएआर के सामने रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के जमीनी स्तर के सुझाव ही परिषद के वैज्ञानिक शोध का मुख्य आधार बनते हैं और इस सम्मेलन से निकलने वाली सिफारिशों को आईसीएआर के आगामी अनुसंधान कार्यों में शामिल किया जाएगा।
महिला किसानों के सम्मान का उत्सव और पैडल-चालित नारियल छिलाई मशीन
आईसीएआर-सीआईडब्ल्यूए की निदेशक डॉ. मृदुला देवी के अनुसार, इस क्षेत्रीय मेले को सशक्तिकरण उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पारंपरिक कृषि मेला नहीं है, बल्कि महिला किसानों की कड़ी मेहनत और समर्पण को सम्मानित करने का एक प्रयास है। इस अवसर पर संस्थान ने महिलाओं के अनुकूल तैयार की गई पैरों से चलने वाली (पैडल-चालित) नारियल छिलाई मशीन का भी प्रदर्शन किया।
खेती को केवल सहारा ही नहीं, जीवित भी रख रही हैं महिला किसान
ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी. के. राउल ने कार्यक्रम में कहा कि महिला किसान न केवल खेती में हाथ बंटा रही हैं, बल्कि वे पूरी कृषि व्यवस्था को जीवंत और टिकाऊ बनाए हुए हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन में ओडिशा सरकार के कृषि विभाग के अपर सचिव शुभांशु मिश्रा, आईसीएआर के उप महानिदेशक (मत्स्य) जे. के. जेना और सहायक महानिदेशक आर. आर. बर्मन भी उपस्थित रहे।