Home›Gaon Post›Drishtikon›
Farmer Earnings 100 Spent On Tomatoes Farmer Gets Only 33 Where Does Rest Of Money Go
Farmer Earnings: टमाटर पर ₹100 खर्च, किसान को मिलते हैं सिर्फ ₹33, आखिर कहां जाता है बाकी पैसा?
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Thu, 26 Nov 2026 04:31 PM IST
सार
टमाटर के 100 रुपये में किसान को सिर्फ 33 रुपये मिलते हैं, जबकि दूध के 100 रुपये में 70 रुपये। जानिए निखिल कामथ ने क्यों उठाया कृषि आपूर्ति व्यवस्था, पैक हाउस और कोल्ड स्टोरेज का मुद्दा।
आप बाजार में 100 रुपये के टमाटर खरीदते हैं, लेकिन इसमें से किसान के हिस्से में सिर्फ 33 रुपये आते हैं। वहीं, दूध के लिए खर्च किए गए 100 रुपये में से डेयरी किसान को करीब 70 रुपये मिलते हैं। आलू के मामले में किसान को लगभग 37 रुपये मिलते हैं। सवाल है कि एक ही देश में किसानों की मेहनत के बावजूद उनकी कमाई में इतना बड़ा अंतर क्यों है?
जीरोधा के सह-संस्थापक निखिल कामथ ने सोशल मीडिया पर अपनी एक पोस्ट में इस अंतर को उजागर किया। उन्होंने बताया कि खेती में समस्या सिर्फ उत्पादन की नहीं है, बल्कि फसल कटने के बाद उसे बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था भी किसानों की कम कमाई की बड़ी वजह है। ये आंकड़े अक्टूबर 2024 में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एक वर्किंग पेपर पर आधारित हैं।
दूध बेचने वाले किसानों की कमाई ज्यादा क्यों?
निखिल कामथ कहते हैं कि दरअसल, दूध के कारोबार में खरीद और बिक्री की एक व्यवस्थित व्यवस्था है। अमूल जैसी सहकारी संस्थाएं गांवों से रोजाना दूध इकट्ठा करती हैं। इसके लिए संग्रह केंद्र, परिवहन और दूध को सुरक्षित रखने की कोल्ड चेन भी मौजूद है। इससे डेयरी किसानों को पता होता है कि उनका दूध कौन खरीदेगा और उन्हें उसका भुगतान कैसे मिलेगा।
इसके उलट, टमाटर और दूसरी सब्जियों के किसानों के पास ऐसी पक्की व्यवस्था नहीं है। कई जगहों पर न तो फसल को रखने के लिए पर्याप्त भंडारण की सुविधा है और न ही खेतों के पास पैक हाउस और कोल्ड स्टोरेज उपलब्ध हैं। ऐसे में किसानों को अपनी उपज जल्द बेचनी पड़ती है। खेत से मंडी और फिर बाजार तक पहुंचने के दौरान परिवहन खर्च, बिचौलियों का कमीशन और फसल खराब होने से होने वाला नुकसान बढ़ जाता है। इसका असर सीधे किसान की कमाई पर पड़ता है।
देश में 70 हजार पैक हाउस की जरूरत
भारत में फलों और सब्जियों की बेहतर देखभाल के लिए खेतों के आसपास करीब 70 हजार पैक हाउस की जरूरत बताई गई है। इन केंद्रों पर उपज की छंटाई, सफाई, ठंडा करने और पैकिंग की सुविधा मिलती है। लेकिन देश में अभी ऐसे करीब 1,300 पैक हाउस ही मौजूद हैं। यानी जरूरत के मुकाबले करीब 68,700 पैक हाउस की कमी है। फसल कटने के बाद सही तरीके से रखरखाव और परिवहन की सुविधा नहीं होने से देश में हर साल करीब 57 हजार करोड़ रुपये के फल और सब्जियां बर्बाद हो जाते हैं।
किसानों की कमाई बढ़ाने में छिपा है कारोबार का बड़ा मौका
निखिल कामथ के मुताबिक, खेती के बाद की व्यवस्था को मजबूत करना भारत के लिए एक बड़ा कारोबारी अवसर भी है। कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस, खेत से सीधे बाजार तक उपज पहुंचाने वाली व्यवस्था और कृषि तकनीक से जुड़ी कंपनियां इस क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
अगर दूध के कारोबार की तरह सब्जियों के लिए भी खरीद, भंडारण और बिक्री की मजबूत व्यवस्था तैयार हो जाए तो किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिल सकता है। इससे फसल की बर्बादी भी कम होगी और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।