Home›Gaon Post›Drishtikon›
Confluence Of Agriculture And Dairy Farmers Income Will Increase Rural Economy Will Be Strengthened
खेती और डेयरी का संगम : किसानों की कमाई बढ़ेगी, मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 28 Nov 2026 11:27 AM IST
सार
भारत में दूध उत्पादन 24.78 करोड़ टन पहुंच गया है। जानिए कैसे खेती के साथ डेयरी और पशुपालन किसानों की आमदनी बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद कर रहे हैं।
भारत में खेती की चर्चा आमतौर पर अनाज और तिलहन फसलों के उत्पादन तक सीमित रहती है। लेकिन ग्रामीण अर्थव्यवस्था में एक बड़ा बदलाव पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। देश में दूध उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। साल 2014-15 में भारत में करीब 14.63 करोड़ टन दूध का उत्पादन होता था, जो 2024-25 में बढ़कर 24.787 करोड़ टन हो गया है। इस बढ़ोतरी के साथ भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन गया है। दुनिया के कुल दूध उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी करीब 25 फीसदी है।
देश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी बढ़कर रोजाना 485 ग्राम हो गई है, जो दुनिया के औसत से काफी ज्यादा है। इस उपलब्धि के पीछे करीब 8 करोड़ डेयरी परिवारों की मेहनत है। इनमें ज्यादातर छोटे किसान हैं, जिनकी आमदनी का बड़ा हिस्सा एक या दो दुधारू पशुओं से आता है। डेयरी क्षेत्र में करीब 70 फीसदी काम महिलाएं करती हैं। ऐसे में यह क्षेत्र ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
खेती और पशुपालन से मजबूत होती ग्रामीण अर्थव्यवस्था
बिजनेस लाइन में पब्लिश मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक जयतीर्थ चारी के लेख के अनुसार, खेती और पशुपालन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। खेती से किसानों को फसल कटने के बाद आमदनी मिलती है, जबकि डेयरी से पूरे साल नियमित कमाई होती रहती है। किसान रोजाना दूध बेचकर घर का खर्च चला सकते हैं। इससे फसल की बुवाई और कटाई के बीच के समय में भी परिवार के पास आमदनी बनी रहती है। मौसम खराब होने या फसलों के दाम गिरने पर डेयरी किसानों के लिए आर्थिक सहारा बनती है।
खेती और पशुपालन एक-दूसरे की जरूरत भी पूरी करते हैं। खेतों से निकलने वाला भूसा और फसल अवशेष पशुओं के चारे के काम आते हैं। वहीं, पशुओं का गोबर खेतों में खाद के रूप में इस्तेमाल होता है, जिससे मिट्टी की सेहत सुधरती है। कुछ अध्ययनों के अनुसार, गरीबी कम करने में पशुपालन का असर फसल उत्पादन के मुकाबले 1.4 गुना ज्यादा हो सकता है। अगर किसानों को बेहतर चारा, मिट्टी की सेहत से जुड़ी सलाह और प्राकृतिक खेती के तरीके अपनाने में मदद मिले तो खेती और पशुपालन दोनों से उनकी आमदनी बढ़ सकती है।
दूध का ज्यादा उत्पादन ही नहीं, सही बाजार मिलना भी जरूरी
दूध का उत्पादन बढ़ने से किसानों की आमदनी अपने आप नहीं बढ़ती। इसके लिए उन्हें दूध बेचने का अच्छा बाजार और सही कीमत मिलना भी जरूरी है। शोध बताते हैं कि जब किसान सहकारी समितियों और संगठित डेयरी कंपनियों के माध्यम से दूध बेचते हैं तो उनकी आमदनी बढ़ सकती है। इसका सबसे ज्यादा फायदा कम आमदनी वाले परिवारों को मिलता है। एक से ज्यादा माध्यमों से दूध बेचने वाले किसानों को भी फायदा हो सकता है।
डेयरी सहकारी समितियों ने छोटे दूध उत्पादकों को एक साथ जोड़ने और उनकी मोलभाव करने की ताकत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। ये समितियां किसानों को पशु आहार, पशु चिकित्सा और दूसरी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराती हैं। वहीं, संगठित डेयरी कंपनियां दूध की गुणवत्ता के आधार पर कीमत तय करने, दूध को सुरक्षित रखने, प्रसंस्करण और उससे दूसरे उत्पाद बनाने में निवेश करती हैं। सहकारी समितियों, निजी कंपनियों, सरकार और किसान संगठनों के बीच बेहतर तालमेल से डेयरी क्षेत्र को और मजबूत बनाया जा सकता है।
बेहतर नस्ल, टीकाकरण और तकनीक से बढ़ेगा दूध उत्पादन
डेयरी क्षेत्र में किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए पशुओं की सेहत और दूध उत्पादन क्षमता सुधारना जरूरी है। इसके लिए कृत्रिम गर्भाधान (आर्टिफिशियल इनसेमिनेशन), प्रशिक्षित पशु स्वास्थ्य कर्मचारियों और टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है।
खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण और पशुओं की नियमित देखभाल से दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिली है। भारत में एक पशु से सालाना औसत दूध उत्पादन पहले करीब 1,650 किलोग्राम था, जो बढ़कर 2,000 किलोग्राम से ज्यादा हो गया है।
डेयरी में पशुओं के चारे पर सबसे ज्यादा खर्च होता है। इसलिए किसानों को हरा चारा, संतुलित पशु आहार और समय पर इलाज की सुविधा मिलना जरूरी है। इससे दूध उत्पादन बढ़ने के साथ पशुपालन की लागत भी कम की जा सकती है। अब डेयरी क्षेत्र में तकनीक का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है। पशुओं की पहचान के लिए टैगिंग, उनकी सेहत का डिजिटल रिकॉर्ड, दूध संग्रह केंद्रों पर मशीनों से दूध की जांच और डिजिटल सलाह जैसी सुविधाएं किसानों के लिए मददगार साबित हो रही हैं। इससे दूध की गुणवत्ता और कीमत को लेकर पारदर्शिता बढ़ती है। साथ ही किसानों को समय पर सही भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
दूध से बने उत्पादों की बढ़ती मांग से किसानों को मिलेगा फायदा
दूध सिर्फ आमदनी का जरिया नहीं है, बल्कि पोषण के लिहाज से भी बहुत महत्वपूर्ण है। खासकर भारत जैसे देश में, जहां बड़ी आबादी शाकाहारी भोजन करती है, वहां दूध प्रोटीन का एक अहम स्रोत है। ऐसे में दूध की गुणवत्ता बनाए रखना और उसे सस्ती कीमत पर लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए गांवों के आसपास दूध ठंडा करने वाले केंद्र (चिलिंग सेंटर) और प्रसंस्करण इकाइयां बढ़ाने की जरूरत है। इससे दूध खराब होने की समस्या कम होगी और उसकी गुणवत्ता भी बनी रहेगी।
दूध से दही, पनीर, घी, चीज और प्रोटीन से भरपूर दूसरे उत्पाद बनाने का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इससे किसानों को सिर्फ कच्चा दूध बेचने के बजाय दूध से बने उत्पादों की बढ़ती मांग का फायदा मिल सकता है। भारत के पास दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादन आधार है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय डेयरी कारोबार में उसकी हिस्सेदारी अभी कम है। बेहतर प्रसंस्करण और गुणवत्ता के दम पर भारत इस बाजार में अपनी जगह मजबूत कर सकता है।
सरकार और डेयरी संस्थाओं की भूमिका अहम
भारत को दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बनाने में डेयरी क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं की अहम भूमिका रही है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी), केंद्र सरकार और दूसरी संस्थाएं डेयरी सहकारी समितियों को मजबूत करने और दूध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रही हैं।
डेयरी क्षेत्र के अगले चरण के विकास के लिए किसानों तक नई तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों को पहुंचाना जरूरी है। इसमें पशुओं की बेहतर नस्ल, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पोषण, पशुओं का समय पर इलाज और गोबर का सही प्रबंधन शामिल है। इन उपायों से दूध उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत कम करने और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा दूध से बने उत्पादों की मांग का सही अनुमान लगाने, प्रसंस्करण तकनीक सुधारने और बाजार तक उत्पाद पहुंचाने की व्यवस्था को भी मजबूत करना होगा। इससे दूध और उससे बने उत्पादों की बर्बादी कम होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद मिल सकेंगे।
खेती और डेयरी को साथ बढ़ाने की जरूरत
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए खेती और डेयरी को अलग-अलग नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक के रूप में देखना होगा। महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना, पशुओं की सेहत सुधारना, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और नई तकनीक को गांवों तक पहुंचाना जरूरी है।
किसानों, सहकारी समितियों, डेयरी संस्थाओं, निजी कंपनियों और सरकार के साझा प्रयासों से ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है। खेती और पशुपालन को साथ लेकर चलने से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि देश की खाद्य और पोषण सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।