विज्ञापन
Home› Fisheries› Andhra Cm Chandrababu Naidu Seeks Centre S Support For Aquaculture And Tobacco Farmers

आंध्र प्रदेश : GST में राहत से KCC तक, नायडू ने झींगा और तंबाकू किसानों के लिए मांगा बड़ा पैकेज

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 20 Jul 2026 06:51 PM IST
सार

  • एक्वाकल्चर एरेटर पर GST 18% से घटाकर 5% और अप्रसंस्कृत तंबाकू पर GST 40% से 28% करने की मांग।
  • एक्वाकल्चर किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 5 लाख रुपये तक अतिरिक्त ऋण सुविधा और 100 करोड़ रुपये के NFDB कोष का प्रस्ताव।
  • झींगा फीड की लागत कम करने के लिए GM सोयाबीन मील के आयात की अनुमति देने की मांग।
  • FCV तंबाकू निर्यात को बढ़ावा देने के लिए RoDTEP, ब्याज सहायता और अन्य निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ देने का आग्रह।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के जलीय कृषि (Aquaculture) और तंबाकू क्षेत्र को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण नीतिगत राहत उपायों की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को अलग-अलग पत्र लिखकर किसानों और निर्यातकों के हित में त्वरित फैसले लेने का आग्रह किया।

GST घटाने और KCC सीमा बढ़ाने की मांग
वित्त मंत्री को लिखे पत्र में नायडू ने मांग की कि एक्वाकल्चर में उपयोग होने वाले एरेटर (Aerators) पर GST 18% से घटाकर 5% किया जाए। अप्रसंस्कृत तंबाकू (Unmanufactured Tobacco) पर GST 40% से घटाकर 28% किया जाए। एक्वाकल्चर किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के तहत एकमुश्त 5 लाख रुपये तक अतिरिक्त ऋण (Top-up) उपलब्ध कराया जाए और राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB) के तहत 100 करोड़ रुपये का विशेष कोष बनाया जाए।

GM सोयाबीन मील आयात की अनुमति का आग्रह
मत्स्य पालन मंत्री को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू बाजार में सोयाबीन मील की बढ़ती कीमतों से झींगा (श्रिम्प) फीड महंगा हो गया है। इससे एक्वाकल्चर किसानों की लागत बढ़ रही है। उन्होंने केंद्र से जेनेटिकली मॉडिफाइड (GM) सोयाबीन मील के आयात की अनुमति देने की मांग करते हुए कहा कि इससे घरेलू कमी दूर होगी और कीमतों पर नियंत्रण रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आयातित GM सोयाबीन मील का उपयोग खेती या बीज उत्पादन में नहीं होगा, इसलिए इससे जैव विविधता पर कोई खतरा नहीं है।

झींगा निर्यात में बढ़ती वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर चिंता
नायडू ने कहा कि इक्वाडोर से बढ़ते झींगा उत्पादन और निर्यात के कारण भारत को अमेरिका, चीन और यूरोप जैसे प्रमुख बाजारों में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मूल्य संवर्धित (Value-added) जलीय उत्पादों को सब्सिडी देने से भारतीय निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।

अमरावती में NFDB का क्षेत्रीय कार्यालय बनाने की मांग
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB) का क्षेत्रीय कार्यालय अमरावती में स्थापित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस परियोजना के लिए 7.8 एकड़ से अधिक भूमि पहले ही आवंटित कर चुकी है। उन्होंने 2028 तक क्षेत्रीय कार्यालय, प्रशिक्षण केंद्र, फिशरीज पार्क और सार्वजनिक एक्वेरियम का निर्माण पूरा करने की अपील की।

तंबाकू निर्यात को बढ़ावा देने की मांग
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को लिखे पत्र में नायडू ने फिश मील निर्यात के नियमन की मांग की ताकि घरेलू झींगा फीड उद्योग को पर्याप्त आपूर्ति मिल सके। नायडू ने Flue-Cured Virginia (FCV) तंबाकू को निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं में शामिल करने का आग्रह किया है। RoDTEP, Interest Equalisation Scheme और निर्यात प्रोत्साहन योजना का लाभ अप्रसंस्कृत तंबाकू को देने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि जिम्बाब्वे और तंजानिया जैसे प्रतिस्पर्धी देश अपने तंबाकू निर्यातकों को सब्सिडी और कर रियायतें देते हैं, जबकि भारतीय निर्यातकों को ऐसी सहायता उपलब्ध नहीं है।

किसानों की आय और निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय पर नीतिगत समर्थन मिलने से एक्वाकल्चर और तंबाकू क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ेगी, उत्पादन लागत कम होगी और भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा मजबूत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन