विज्ञापन
Home› Dugdhshala› Major Plan For A New Mill Sugarcane Acreage To Increase In Saharsa Free Seeds For New Farmers

नई मिल के लिए बड़ा प्लान : सहरसा में बढ़ेगा गन्ने का रकबा; नए किसानों को मुफ्त बीज, पुराने किसानों को सब्सिडी

गांव जंक्शन डेस्क, सहरसा Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 27 Nov 2026 05:31 PM IST
सार

  • बीते कई सालों में बिहार के सहरसा जिले में गन्ने की खेती में गिरावट आई है
  • अब यहां 200 एकड़ में शरदकालीन गन्ने की खेती का लक्ष्य तय किया गया है
  • इस पहल के तहत पहली बार गन्ना लगाने वाले किसानों को एक एकड़ तक मुफ्त बीज, पुराने किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी।
  • किसानों को पूसा के कृषि विज्ञान केंद्र में गन्ने की नर्सरी तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया।
  • कभी 10 से 20 एकड़ तक सिमट गया था गन्ने की खेती का रकबा, अब 15 से 20 हजार हेक्टेयर तक खेती बढ़ाने की योजना।

सहरसा में 200 एकड़ रकबे में गन्ना उगाने की पहल, किसानों को मिलेगी सब्सिडी...
सहरसा में 200 एकड़ रकबे में गन्ना उगाने की पहल, किसानों को मिलेगी सब्सिडी... - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के सहरसा जिले में कई सालों  से सिमटती जा रही गन्ने की खेती को फिर से बढ़ावा देने की तैयारी है। इसके लिए ईख विकास बोर्ड ने  योजना बनाई है। इस साल जिले में 200 एकड़ क्षेत्र में शरदकालीन गन्ने की खेती शुरू करने की पहल की जा रही है। किसानों को मुफ्त बीज, अनुदान और तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में प्रस्तावित नई चीनी मिल की जरूरत को देखते हुए आने वाले समय में सहरसा और आसपास के क्षेत्रों में 15 हजार से 20 हजार हेक्टेयर तक गन्ने की खेती कराने का लक्ष्य रखा गया है।

नए किसानों को एक एकड़ के लिए मुफ्त बीज
ईख विकास बोर्ड की योजना के तहत पहली बार गन्ने की खेती करने वाले किसानों को स्थल जांच के आधार पर एक एकड़ जमीन के लिए मुफ्त बीज दिया जा रहा है। वहीं, पहले से गन्ने की खेती कर रहे किसानों को उन्नत किस्म का बीज 50 फीसदी अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग की ओर से किसानों को वैज्ञानिक और आधुनिक तरीकों से गन्ने की पैदावार बढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

पूसा में किसानों को दिया गया नर्सरी तैयार करने का प्रशिक्षण
गन्ने की बेहतर गुणवत्ता वाली पौध तैयार करने के लिए विभाग ने किसानों को पूसा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में प्रशिक्षण दिलाया है। इस दौरान नर्सरी तैयार करने के लिए जरूरी सामग्री भी किसानों को मुफ्त में दी गई। प्रशिक्षण के बाद किसान अपने खेतों में वैज्ञानिक तरीके से गन्ने की नर्सरी तैयार करने में जुट गए हैं। इसका उद्देश्य किसानों को खुद गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने के लिए सक्षम बनाना है।

10 से 20 एकड़ तक सिमट गया था खेती का रकबा
सहरसा जिले में पिछले कई वर्षों के दौरान गन्ने की खेती का क्षेत्र लगातार घटा है। जानकारी के मुताबिक, एक समय जिले में गन्ने की खेती का रकबा मुश्किल से 10 से 20 एकड़ तक रह गया था। अब विभाग ने शरदकालीन रोपाई अभियान के तहत इस साल इसे बढ़ाकर 200 एकड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। आने वाले समय में प्रस्तावित चीनी मिल के सुचारू संचालन के लिए सहरसा और आसपास के इलाकों में 15 हजार से 20 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती कराने की योजना है।

कोसी क्षेत्र में गन्ने की खेती बढ़ाने की तैयारी
सहरसा ईख विकास बोर्ड के सहायक निदेशक शुभम कुमार के मुताबिक, विभाग कोसी क्षेत्र में गन्ने की खेती को दोबारा शुरू करने और इसका रकबा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों के बीच योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती कराने की तैयारी है।

दो दशक पहले गन्ना उत्पादन का प्रमुख केंद्र था यह इलाका
करीब दो दशक पहले कोसी क्षेत्र गन्ना उत्पादन के प्रमुख इलाकों में शामिल था। उस समय सहरसा जिले के अमरपुर, बलुआहा, सिटानाबाद, नरियार, रहुआमणि, विशनपुर, बेंगहा, बलवा हाट, सहुरिया और सूहथ जैसे गांवों में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती थी। उस समय सोनवर्षा कचहरी स्टेशन से प्रतिदिन हसनपुर चीनी मिल के लिए गन्ने की रैक भेजी जाती थी। किसान गन्ना पहुंचाने के बाद हसनपुर जाकर तुरंत भुगतान प्राप्त कर लेते थे। इससे गन्ने की खेती किसानों के लिए नकद आमदनी का एक प्रमुख साधन बनी हुई थी। हालांकि, हसनपुर चीनी मिल बंद होने के बाद किसानों की गन्ने की खेती में रुचि कम होती गई और इसका रकबा सिमटता चला गया। अब नई चीनी मिल की स्थापना और खेती का क्षेत्र बढ़ाने की योजना से इलाके में गन्ना उत्पादन को फिर से बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है।


विज्ञापन
विज्ञापन